Top News

संकल्प और समर्पण से संवरेगा स्वास्थ्य का भविष्य, नर्सिंग विद्यार्थियों ने ली सेवा की शपथ

संकल्प और समर्पण से संवरेगा स्वास्थ्य का भविष्य, नर्सिंग विद्यार्थियों ने ली सेवा की शपथ


दीप प्रज्वलन एवं शपथ ग्रहण समारोह में मानसिक रोग और दमा पर विद्यार्थियों ने दी प्रभावशाली प्रस्तुति, स्वास्थ्य जागरूकता का दिया संदेश


करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र के सदरपुर गालिबपुर स्थित किंग्स इडेन कॉलेज ऑफ नर्सिंग में रविवार को दीप प्रज्वलन एवं शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान बीएससी नर्सिंग, जीएनएम एवं ओटी टेक्नीशियन बैच के विद्यार्थियों ने चिकित्सा सेवा के प्रति निष्ठा, संवेदनशीलता और समर्पण का संकल्प लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह तथा विशिष्ट अतिथि हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. उमेश सरोज एवं डॉ. धर्म सिंह गौतम ने दीप प्रज्वलित कर किया।


समारोह के दौरान 'संकल्पित समर्पण' विषय पर आयोजित विशेष सेमिनार में विद्यार्थियों ने मानसिक रोग एवं दमा जैसे महत्वपूर्ण स्वास्थ्य विषयों पर अपनी प्रस्तुति दी। उन्होंने इन बीमारियों के लक्षण, कारण, बचाव और उपचार की जानकारी साझा करते हुए समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की आवश्यकता बताई। मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सामाजिक जागरूकता बढ़ाने और इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने पर भी विशेष बल दिया गया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में अध्ययन, रचनात्मकता और जनस्वास्थ्य के प्रति उनकी प्रतिबद्धता झलकी।


अतिथियों ने कहा कि चिकित्सा सेवा केवल पेशा नहीं, बल्कि मानवीय संवेदना और परोपकार से जुड़ा दायित्व है। नर्सिंग क्षेत्र में ज्ञान के साथ धैर्य, करुणा और सेवाभाव का होना भी आवश्यक है। कार्यक्रम के आयोजक एवं कॉलेज के चेयरमैन डॉ. प्रवीण कुमार मद्धेशिया ने विद्यार्थियों को सेवा के उच्च आदर्शों पर चलने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज लिया गया सेवा का संकल्प ही कल स्वस्थ और जागरूक समाज की मजबूत नींव बनेगा।




Post a Comment

Previous Post Next Post