Top News

ईश्वर व पूर्वजों के कृपानुग्रह से मिलती है श्रीमद्भागवत कथा : स्वामी ज्ञानानंद सरस्वती

ईश्वर व पूर्वजों के कृपानुग्रह से मिलती है श्रीमद्भागवत कथा : स्वामी ज्ञानानंद सरस्वती

करहाँ (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना तहसील अंतर्गत फत्तेपुर में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के विश्राम दिवस पर देर शाम भव्य महारुद्राभिषेक का कार्यक्रम आयोजित हुआ। भारत राष्ट्र के प्रख्यात शांकर सन्यासी परमहंस परिव्राजकाचार्य स्वामी ज्ञानानंद सरस्वतीजी महाराज ने अभिषेक-अर्चन व महाआरती उपरांत उपस्थित सैकडों भक्तों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जब जन्म जन्मांतर के पुण्य फल उदित होने तथा ईश्वर व पूर्वजों के कृपानुग्रह से श्रीमद्भागवत कथा का आनंद प्राप्त होता है। वह व्यक्ति निश्चित ही पुण्यात्मा होगा जिसे इस कथा के करने और सुनने का सौभाग्य मिलता है।

कथा विस्तार करते हुए स्वामीजी ने कहा कि यह सारा कुछ पूर्वजों के आशीर्वाद एवं मां भगवती पराम्बा की असीम कृपा से फलित होता है। श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव 21 पीढ़ी के पितरो को शांति प्रदान करती है। इस कथा का जो आयोजक होता है वह भी और जो सुनता है वह भी दोनों महान पुण्य के भागी बनते है। कहा कि कभी भी हमें देव एवं पितृ कार्य में प्रमाद नहीं करना चाहिए। "देव पितृ कार्यम न प्रमतव्यम।"

आप सभी बड़े भाग्यवान और पुण्यवान हैं जो भगवान योगेश्वर कृष्ण की अतिप्रिय श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ कथा का फल प्राप्त किये हैं। ऐसे आयोजन का संकल्प, श्रवण एवं वरण करने वाले सभी मोक्ष को प्राप्त करते हैं। इसलिए आप सभी इस कथा की पूर्णाहुति के साक्षी बने हैं। क्योंकि सनातन धर्म में सब कुछ पूर्ण है। "पूर्णमिदह पूर्णमिदं पूर्णात पूर्णमुदच्यते। पूर्णस्य पूर्णमादाय पूर्णमेवावशिष्यते।।" स्वामी जी महाराज ने बताया कि इस यज्ञ का आरंभ वरुण पूजन से होता है और पूर्णाहुति नारियल से होती है। जो व्यक्ति अपने पितरों के लिए "तर्पण, होम करहिं विधि नाना।" वह भगवान और पितरों का कृपापात्र बन जाता है।

इस अवसर पर यज्ञाचार्य पंडित महेश व अभिषेक, आयोजक राधेमोहन सिंह, पंडित आशीष तिवारी, विनीत पांडेय, मुख्य यजमान रमेश सिंह व सुधा देवी, पंडित प्रियव्रत व सत्यव्रत, एकलव्य सिंह, आयुष ब्रह्मचारी, प्रभुनाथ राम, अशीत कुमार पाठक, आशीष चौधरी, संजय कुमार पाठक, अविनाश सिंह नायडू सहित सैकड़ों महिला-पुरुष भक्तजन मौजूद रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post