नवाचार आधारित शिक्षण और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने पर जोर
करहां (मऊ) : गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शैक्षणिक सुदृढ़ीकरण और नवाचारों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्य संसाधन समूह के सदस्य संजय कुमार तिवारी ने मंगलवार को शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना के उच्च प्राथमिक विद्यालय सुरहुरपुर का शैक्षणिक निरीक्षण एवं सहयोगात्मक पर्यवेक्षण किया। उन्होंने कक्षा छह, सात और आठ के विद्यार्थियों के साथ संवादात्मक शिक्षण सत्र में अंग्रेजी व्याकरण के ‘आर्टिकल’ विषय को सरल एवं व्यावहारिक तरीके से समझाया। साथ ही शिक्षण प्रक्रिया में दृश्य-श्रव्य माध्यमों के प्रभावी प्रयोग पर जोर दिया।
विद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों के साथ बैठक में संजय कुमार तिवारी ने प्रेरित पुरस्कार मानक योजना के तहत अधिक से अधिक विद्यार्थियों का वैज्ञानिक प्रतिरुप पोर्टल पर पंजीकरण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और नवाचार की भावना विकसित करने के साथ ही निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों को प्रभावी ढंग से पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने प्रधानाध्यापिका प्रतिमा राय के नेतृत्व तथा शिक्षकों के आपसी समन्वय की सराहना की। विद्यालय परिवार ने राज्य संसाधन समूह के शैक्षणिक सहयोग के प्रति आभार जताया
इस अवसर पर उत्कृष्ट सहभागिता करने वाले पांच मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रधानाध्यापिका प्रतिमा राय ने अंग्रेजी व्याकरण की सहायक पुस्तकें प्रदान कर प्रोत्साहित किया। संजय कुमार तिवारी ने बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को आगे भी प्रोत्साहित करने की बात कही। इस दौरान सहायक अध्यापक सतीश कुमार मौर्य, सरोज यादव, लीलावती मौर्या, रामा राम, राम सहाय यादव, आशा देवी उपस्थित थीं।

Post a Comment