25 साल पुराने दुकान के विवाद में कोर्ट के आदेश पर मकान मालिक को दिलाया गया कब्जा
करहां (मऊ) : करीब 25 वर्षों से चले आ रहे दुकान संबंधी विवाद का मंगलवार को न्यायालय के आदेश के अनुपालन में निस्तारण कराया गया। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में संबंधित दुकान को खाली कराकर मोहल्ला शेखवाड़ा निवासी मंजूरुल हक को कब्जा दिलाया गया। कब्जा मिलने के बाद उन्होंने इसे लंबे संघर्ष के बाद मिली राहत बताया।
मंजूरुल हक के अनुसार, दुकान पर करीब ढाई दशक से महमूद आलम का कब्जा था। उनका आरोप है कि इस दौरान दुकान का किराया और बिजली का भुगतान नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि बिजली का करीब दो लाख रुपये का बकाया उन्होंने स्वयं जमा किया। विवाद बढ़ने पर मामला न्यायालय तक पहुंचा और विभिन्न स्तरों पर मुकदमेबाजी चली।
मंजूरुल हक का कहना है कि उन्होंने विवाद को आपसी बातचीत से समाप्त करने के लिए कई बार सामने वाले पक्ष से मुकदमा वापस लेकर दुकान खाली करने का अनुरोध किया, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। मंगलवार को न्यायालय के आदेश के तहत प्रशासनिक कार्रवाई हुई और दुकान खाली कराकर उन्हें कब्जा सौंप दिया गया। उन्होंने कहा कि करीब 25 वर्षों के इंतजार के बाद संपत्ति पर कब्जा मिलने से उन्हें बड़ी राहत मिली है।

Post a Comment