स्मार्टफोन पाकर चहकीं बीएड उत्तीर्ण 89 छात्रायें
करहाँ (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना विकास खंड के शमशाबाद स्थित आरएएफ महिला पीजी कालेज में मंगलवार को बीएड उत्तीर्ण 89 छात्राओं को स्मार्टफोन वितरित किया गया। लंबे इंतजार के बाद सत्र 2020-22 के दो वर्षीय पाठ्यक्रम उत्तीर्ण छात्रायें स्मार्टफोन पाकर चहक उठीं।
उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित स्मार्टफोन वितरण प्रणाली के अन्तर्गत स्नातक, परास्नातक, शिक्षा स्नातक व तकनीकी डिप्लोमाधारी विद्यार्थियों को स्मार्टफोन दिये जाने की योजना संचालित हो रही है। इसी क्रम में महाविद्यालय के सभागार में आयोजित एक सादे समारोह में प्रबंधक रामाश्रय सिंह ने स्मार्टफोन वितरित किया।
छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि स्मार्टफोन पाकर ये छात्रायें तकनीकी रूप से मजबूत होंगी। इन्हें आगे की प्रतियोगी एवं शैक्षिक परीक्षाओं की तैयारियों में इससे मदद मिलेगी। तकनीकि कारणों से देर आये लेकिन दुरुस्त आये की तर्ज पर उन्होंने स्मार्टफोन पाई 89 छात्राओं को इसके लिए बधाई देते हुये उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार के डाक्टर पंकज सिंह, उपाचार्य शाहिद ज़माल, नीरज सिंह, बद्री सिंह, रामदरश चौहान, शाहिना खातुन, सृष्टि यादव, नीना चौरसिया, रिंकू यादव, छोटेलाल भारती, संजीव कुमार सिंह, सुनिल कुमार राधेश्याम सहित दर्जनों छात्रायें उपस्थित रहीं।


Post a Comment