Top News

काकोरी ट्रेन एक्शन शताब्दी महोत्सव में याद किये गये क्रांतिकारी

काकोरी ट्रेन एक्शन शताब्दी महोत्सव में याद किये गये क्रांतिकारी

◆9 अगस्त 1925 के काकोरी कांड के क्रांतिकारियों को देश कर रहा नमन

◆प्राथमिक विद्यालय मालव व कम्पोजिट विद्यालय माहपुर में हुये विविध कार्यक्रम

करहाँ (मऊ) : 9 अगस्त 1925 में हुये काकोरी ट्रेन एक्शन के शताब्दी वर्ष पर क्रांतिकारियों की याद में विविध कार्यक्रम आयोजित किये गये। शुक्रवार को करहां परिक्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय मालव व कम्पोजिट विद्यालय माहपुर में बच्चों ने प्रभात फेरी निकाली व उकेरे गये चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनकी स्मृतियों को नमन किया। अध्यापकों ने उनके कृतित्व एवं व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुये देश के स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान की चर्चा की।

शासन व प्रशासन की मंशा के अनुरूप 9 अगस्त से 15 अगस्त तक चलने वाली काकोरी ट्रेन एक्शन की 100वीं वर्षगांठ को धूमधाम एवं गौरवपूर्ण ढंग से मनाने का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। इस क्रम में माहपुर कम्पोजिट विद्यालय माहपुर में सहायक अध्यापक राजीव मौर्य के निर्देशन में बच्चों ने प्रभात फेरी निकाली एवं क्रांतिकारियों को नमन करते हुए नाटिका प्रस्तुत की।

वहीं प्राथमिक विद्यालय मालव में देश प्रेम से ओतप्रोत कार्यक्रम कराये गये। इसके अंतर्गत सर्वप्रथम सहायक अध्यापक उमेश भारती व रामकिशोर राम के द्वारा ग्रीन बोर्ड पर महान क्रांतिकारियों के चित्र उकेरे गए। सभी अध्यापकों एवं छात्रों ने महान क्रांतिकारियों को याद करते हुए चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके कृत्यों पर विस्तार पूर्वक चर्चा की। साथ ही बच्चों को प्रोजेक्टर पर इस घटना की नाट्य रूपांतरण वीडियो फिल्म दिखाई गई जिसे देखकर बच्चे काफी रोमांचित हुए।

प्रधानाध्यापक धनंजय सिंह ने कहा कि 9 अगस्त 1925 को शाहजहांपुर से लखनऊ जा रही नंबर 8 डाउन ट्रेन को क्रांतिकारियों ने लूटा, ताकि ब्रिटिश सरकार के खजाने में सेंध लगाई जाय। इसके तहत उस समय 4600 रुपये प्राप्त किये गये। इस एवज में महान क्रांतिकारी रामप्रसाद बिस्मिल, अशफाकुल्लाह खां, रोशन सिंह व राजेंद्र नाथ लाहिड़ी को फांसी की सजा भुगतनी पड़ी। वहीं सचिंद्र सान्याल व सचिंद्र बख्शी को काला पानी की सजा हुई। इसके साथ ही बाकी बचे क्रांतिकारियों को 4 से 14 साल की कैद हुई।

इस अवसर पर प्रधानाध्यापक द्वय प्रेमशंकर तिवारी व धनंजय सिंह, सहायक अध्यापक रामकेर राम, राजीव मौर्य, उमेश भारती, अभिषेक सरोज, रामकिशोर राम, नीलम दूबे, स्वतंत्र कुमार सिंह, नीलिमा यादव, मनोज कुमार कुशवाहा, गौतम विश्वकर्मा, विजेंद्र प्रसाद, छठ्ठू प्रसाद गुप्ता, फहद अहमद सहित सैकड़ो छात्र-छात्रायें मौजूद रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post