राष्ट्रीय योगासन प्रतियोगिता में चयनित शिक्षकों का किया सम्मान
करहां (मऊ) : शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना के उच्च प्राथमिक विद्यालय मालव में बुधवार की शाम आयोजित शिक्षक संकुल की बैठक के उपरांत राष्ट्रीय योगासन प्रतियोगिता में चयनित क्षेत्र के शिक्षकद्वय को सम्मानित किया गया। इस बैठक में जहां स्थानीय प्रधानाध्यापक द्वय ओमप्रकाश सिंह व धनंजय सिंह ने शिक्षक संकुल के प्रमुख शैक्षिक बिंदुओं पर चर्चा की, वहीं राज्य योगासन प्रतियोगिता में स्वर्ण व रजत पदक विजेता शिक्षक रामनिवास मौर्य व चंद्रशेखर मौर्य को माल्यार्पण, अंगवस्त्रम व प्रतीक चिन्ह देकर अभिनंदन किया। इसके पहले स्वर्ण पदक जीतने के बाद सुबह पहली बार अपने विद्यालय सौसरवां पहुंचने पर रामनिवास मौर्य का बच्चों एवं उनके सहकर्मियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच माला पहनाकर स्वागत किया।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन व पूजन-अर्चन से हुई। इसके बाद विद्यालय की छात्राओं ने मनमोहक सरस्वती वंदना व स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर शमां बांध दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुये मालव उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि राष्ट्रपति व राज्य योग पुरस्कार प्राप्त शिक्षक व हमारे नजदीकी ग्राम सौसरवां के प्रधानाध्यापक रामनिवास मौर्य के स्वर्ण पदक जीतने पर हम सभी गौरवान्वित हैं। इसी प्रकार भैंसहा प्राथमिक विद्यालय के युवा सहायक अध्यापक चंद्रशेखर मौर्य ने भी अपने आयु वर्ग में रजत पदक जीतकर परचम लहराया है। अब आप दोनों का चयन राष्ट्रीय योगासन प्रतियोगिता के लिए हो गया है।
कार्यक्रम का सफल मंच संचालन कर रहे प्राथमिक विद्यालय मालव के प्रधानाध्यापक ने नेशनल में खेलने व जीतने की शिक्षकद्वय को सभी शिक्षकों की तरफ से शुभकामनाएं दीं। कहा कि रामनिवास व चंद्रशेखर मौर्य जनपद के गौरव एवं शिक्षक समाज की शान हैं।
इस अवसर पर अर्चना सिंह, ज्योतींद्रपति पांडेय, नीतीश यादव, तारा देवी, शमशेर भारती, सुमित यादव, रंजना, सुरेश प्रसाद, गणेश राम, महेश कुमार आदि उपस्थित रहे।






Post a Comment