एफडीआर तकनीकि की खुली पोल, साढ़े तीन महीने में पिच की उड़ी खोल
करहां (मऊ) : आजमगढ़ व मऊ सीमा को जोड़ने वाले करहां से जहानागंज मार्ग साढ़े तीन महीने पहले ही बनकर तैयार हुआ। लेकिन काफी हो हल्ला के साथ बनाई गई एफडीआर तकनीकि की पोल कुछ ही महीनों में खुल गयी जब कई जगह पिच की खोल उखड़ गयी। साथ ही कई जगह रोड दरकने लगी है।
जैसे ही इस मामले का संज्ञान लिया गया आनन-फानन में अनुरक्षण कार्य के कर्मचारी व मजदूर इसके लेपन में लग गये। इस नई बनी रोड पर जगह-जगह चिप्पियाँ मारी जाने लगीं।
बता दें कि इस पूरे रोड के बनने के अलावा लग्गूपुर, ओटनी व करहां बाजार में आरसीसी बनी है। इसमें इन बाजारों को दो दशक के बाद जलजमाव से मुक्ति मिलेगी। एफडीआर निर्मित सड़क बनने के बाद लग्गूपुर बाजार में शुक्रवार को आरसीसी निर्माण का काम भी पूरा हो गया। इससे बाजार तथा क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है।
हालांकि कुछ लोंगो का कहना है कि नई बनी आरसीसी भी कुछ जगह क्रैक हो गयी है। वहीं करहां बाजार में आरसीसी निर्माण का काम अभी अधूरा है जो बेहद फजीहत का कारण बना हुआ है।
ज्ञातव्य हो कि दो दो दशक से अधिक समय के बाद यह सड़क नई एफडीआर तकनीकि से बनी है। इस मार्ग के किनारे के दर्जनों ग्रामवासी व करहां व मुहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र से जहानागंज व चक्रपानपुर पीजीआई व आजमगढ़ जाने वाले राहगीरों की वर्षो से इस मार्ग के निर्माण की पुरजोर मांग थी। देर आये दुरुस्त आये की तर्ज पर यह मार्ग बन तो गया लेकिन कुछ ही महीनों में इसकी गुणवत्ता पर प्रश्नचिन्ह उठने तब शुरू हो गये जब यह रोड दरकने लगा।
लग्गूपुर बाजार के आगे व तिलसवां गांव की सीमा के समीप और कुछ अन्य जगह साढ़े तीन महीने में ही यह सड़क उखड़नी शुरु हो गयी, इससे काफी तारीफों के पुल बांधकर लायी गयी एफडीआर तकनीकी की खामियां उजागर होनी शुरू हो गयी।
साथ ही लग्गूपुर व ओटनी की तरह करहां बाजार के जोगियाने मुहल्ले में भी आरसीसी निर्माण होना है, जिसका काम अभी अधूरा है। क्षेत्रवासियों ने करहां की आरसीसी मार्ग की चौड़ाई अन्य स्थानों की अपेक्षा कम रखने पर भी सवाल खड़ा किया है। बताया गया कि जहां जाम व जलजमाव की समस्या सबसे अधिक है, आखिर जानबूझकर वहीं आरसीसी की चौड़ाई सबसे कम क्यों रखी जा रही है।
क्षेत्रीय नागरिक विष्णुकांत श्रीवास्तव, बसंत कुमार सिंह, प्रमोद यादव, जितेंद्र सिंह, सूर्यकांत कुमार, देवंती देवी, धीरेंद्र प्रताप खरवार, कंचन कुमार, श्यामविहारी जायसवाल, सतीश कुमार सिंह, रवि पासी, विजय सिंह गब्बर, दया प्रकाश तोमर, अंकित राजपूत, मनीष सिंह, अभिषेक पांडेय, रोहित वर्मा आदि ने लग्गूपुर व ओटनी में आरसीसी बनने पर जहां खुशी जाहिर की है, वहीं करहां में सड़क की चौड़ाई अन्य स्थानों के अनुरूप रखकर शीघ्रातिशीघ्र निर्माण की मांग की है ताकि जाम व जलजमाव से निजात मिल सके। वहीं जगह-जगह रोड उखड़नी व फटने पर भ्रष्टाचार का आरोप भी लगाया है। कहा है कि इसकी गुणवत्ता की उच्च अधिकारियों द्वारा जांच कर लापरवाह लोंगो पर कार्यवाही होनी चाहिए।









Post a Comment