Top News

विकास की डगर पर दरौरा, सफाई व शिक्षालय की कमीं

विकास की डगर पर दरौरा, सफाई व शिक्षालय की कमीं

करहां (मऊ) : विकास खंड मुहम्मदाबाद गोहना का दरौरा गांव धीरे-धीरे विकास की डगर पर मजबूती से बढ़ रहा है। दो आंगनबाड़ी केंद्र, न्याय पंचायत, जल से सराबोर अमृत सरोवर, रास्ते, इंटरलाकिंग, आरआरसी सेंटर, सामुदायिक शौचालय गांव की शोभा बढ़ा रहे हैं।

वर्तमान में दलित बस्ती में दर्जन भर पशु आश्रय स्थल का कार्य प्रगति पर है। लेकिन इसके बावजूद गांव में सफाई व्यवस्था व एक अदद परिषदीय विद्यालय की कमीं है। उक्त उपलब्धि व आवश्यकता संबंधित अधिकारियों के संज्ञान में डाला गया है।

गौरतलब है कि यदि निजी शिक्षण संस्थाओं की बात करें तो यह गांव करहां परिक्षेत्र का एजुकेशन हब बन चुका है। दो जूनियर विद्यालय सहित दो पीजी कालेज व एक फार्मेसी कालेज भी स्थित है।

एक बेहतरीन पब्लिक स्कूल व मदरसा भी है, लेकिन जहां रमजान के पवित्र महीने में पाक मास्जिद व ईदगाह के पास कूड़े कचरे का ढेर लगा है, वहीं जाम नालियां व गंदे जल का जमाव दुर्गंध व संक्रामक बीमारियों को दावत दे रहा है। दो दशक से अधूरा पड़ा प्राथमिक विद्यालय का ढांचा भी व्यवस्था को मुंह चिढ़ाता है। बच्चों को पढ़ने व ग्रामीणों को लोकसभा व विधानसभा का वोट डालने दूसरे गांवों में जाना पड़ता है।

इस संबंध में ग्रामप्रधान मोहम्मद अशफाक अहमद का कहना है कि मैं गांव के बहुमुखी विकास का हर संभव प्रयास कर रहा हूं, लेकिन छोटे गांव व छोटे बजट की समस्या आड़े आती है। वहीं सफाई कर्मचारी के नहीं आने से गंदगी की समस्या बनी हुई है। विद्यालय उच्चाधिकारियों की विभागीय उदासीनता में अटका पड़ा है।

●दरौरा नित नया विकास कर रहा है। ईद के पहले तत्काल सफाईकर्मियों की टीम भेजकर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करवा दी जायेगी।

◆आदित्य सिंह, एडीओ पंचायत, ब्लाक मुहम्मदाबाद गोहना

●अधूरे विद्यालय का विषय संज्ञान में है। उच्च अधिकारियों के संज्ञान में इस विषय को डाला जायेगा।

◆श्वेता मौर्या, खंड शिक्षा अधिकारी, ब्लाक मुहम्मदाबाद गोहना

Post a Comment

Previous Post Next Post