यूपी सरकार के आठ साल अमृतकाल के समान : पूनम सरोज
मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक सभागार में मना सेवा, सुरक्षा व सुशासन पर्व
करहां (मऊ) : उत्तर प्रदेश सरकार के सेवा सुरक्षा एवं सुशासन नीतियों के आठ वर्ष पूरा होने के उपलक्ष में गुरुवार को मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक सभागार में कार्यक्रम का आयोजन कर केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता भाजपा की वरिष्ठ नेता व निवर्तमान विधानसभा प्रत्याशी पूनम सरोज ने प्रदेश सरकार के आठ वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियां को गिनाते हुए प्रदेश सरकार के कार्यकाल को अमृत काल बताया।
उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना के अंतर्गत प्रदेश में एक करोड़ 75 लाख महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन दिया गया है। चिकित्सा के क्षेत्र में भी सरकार ने काफी कार्य किया है। अब प्रदेश में हर वर्ष 12 हजार से अधिक एमबीबीएस चिकित्सक सेवा दे रहे हैं। इसके अलावा गोरखपुर और रायबरेली में एम्स की स्थापना की गई है। बताया कि पूर्वांचल में पहला सैनिक कॉलेज गोरखपुर में भी बनकर तैयार है। पूनम सरोज ने कहा कि 70 करोड लोगों को शहरी आवास दिया गया है। इसके अलावा आयुष्मान कार्ड योजना के अंतर्गत 5 लाख रुपए की निःशुल्क चिकित्सा सुविधा जा रही है। जन आरोग्य योजना के अंतर्गत 9 करोड लोग लाभान्वित हुए हैं।
बेसिक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए ऑपरेशन कायाकल्प मिशन के अंतर्गत सरकारी विद्यालयों को आधुनिक बनाया गया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश किसान सम्मान निधि, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल बीमा योजना आदि कार्यक्रमों में यह प्रदेश पूरे देश में पहले स्थान पर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में गरीब बालिकाओं की शादी के लिए 51 हजार का अनुदान दिया जा रहा है। अभी तक 32 लाख 51 हजार से अधिक गरीब बालिकाओं की सामूहिक विवाह के अंतर्गत शादी कराई गई है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे खंड विकास अधिकारी डॉक्टर चंद्रशेखर कुशवाहा ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत जिस परिवार की आमदनी 2 लाख से कम है, वह शादी के 3 माह पूर्व या शादी के तीन माह बाद भी अनुदान के लिए आवेदन करेंगे तो उन्हें भी 20 हजार की आर्थिक मदद दी जाएगी।
इस मौके पर सप्रसिद्ध आर्थोपेडिक सर्जन व हड्डी व जोड़ रोग विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. उमेश सरोज, मंडल अध्यक्ष जनार्दन शर्मा, महामंत्री अंकित सरोज, मंत्री सुशील चौबे, ग्राम प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष नौशाद अहमद, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ज्ञानेंद्र सिंह, संतोष सिंह मिंटू, ग्रामप्रधान धीरेंद्र प्रताप, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता अभिमन्यु दूबे, राहुल सिंह आदि सहित सैकड़ो ग्राम प्रधान और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सहायक विकास अधिकारी पंचायत आदित्य सिंह ने किया।




Post a Comment