साफ्टवेयर इंजीनियर बनना चाहता है आदित्य कश्यप
करहां (मऊ) : माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश के इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा परिणामों में बाबा बहाल दास इंटर कालेज के छात्र आदित्य कश्यप ने जिले में नौवां स्थान प्राप्त किया है। मुंबई में रहकर तकनीकी मजदूरी करने वाले पप्पू कश्यप का बेटा फिलहाल कोटा में रहकर जेई की तैयारी कर रहा है और वह आगे चलकर साफ्टवेयर इंजीनियर बनना चाहता है।
आजमगढ़ जनपद अंतर्गत जहानागंज ब्लाक के लक्ष्मीपुर गांव निवासी आदित्य ने 500 में 440 अर्थात 88 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपने माता-पिता व स्कूल का नाम रौशन किया है। जागरण प्रतिनिधि से बातचीत में उसने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता प्रधानाचार्य इंद्रजीत मौर्य व पसंदीदा शिक्षक विक्रम बहादुर सिंह को दिया है। माता रीना देवी गृहणी हैं और पिता पप्पू कश्यप तकनीकी मजदूर हैं।
पिता ने बताया कि उनका बेटा बचपन से ही मेधावी तथा हाईस्कूल में स्कूल टापर रहा है। उसने सिर्फ स्कूल व घर पर पढ़ाई किया, कोई कोचिंग आदि नहीं गया। उसका पसंदीदा विषय गणित व विज्ञान है। शौक पढ़ना तथा कबड्डी खेलना है। हालांकि वह प्राप्त अंक को अपेक्षाकृत कम मानता है और बताया कि उसे और अधिक अंको की उम्मीद थी। उसका सपना सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनना है और वह उसके लिए परीक्षा परिणामों का इंतजार किये बगैर कोटा में आकर तैयारी कर रहा है, और जीवन मे पहली बार कोचिंग से तैयारी करनी शुरू की है।

Post a Comment