बेसिक के बच्चों ने धूमधाम से मनाई अंबेडकर जयंती
करहां (मऊ) : शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना के कंपोजिट विद्यालय माहपुर के बच्चों ने रविवार व अंबेडकर जयंती के अवकाश के पूर्व शनिवार को भारत रत्न बाबा साहेब डाक्टर भीमराव अंबेडकर की 135वीं जन्म जयंती मनाई। इस दौरान बच्चों में उनकी जयंती पर क्विज़ प्रतियोगिता, पेंटिंग प्रतियोगिता सहित बाल संवाद का आयोजन कराया गया और विजेताओं को पुरस्कृत भी किया गया।
प्रधानाध्यापक प्रेमशंकर तिवारी ने बच्चों को संविधान निर्माता डाक्टर अंबेडकर की जीवनी बताई। बच्चों को अम्बेडकर के जीवन वृत्त पर आधारित लघु फ़िल्म भी दिखाई गईं। उन्होंने बताया कि बाबा साहेब का जन्म 14 अप्रैल 1891 में मध्य प्रदेश के महु में हुआ था। बच्चों ने उनके बताये गये पदचिन्हों पर चलने का संकल्प लिया।
सहायक अध्यापक राजीव मौर्य ने बच्चों के बीच डाक्टर अम्बेडकर के सूत्र वाक्यों को बताया। "तुम्हारे पैरों में जूते हों या ना हों, हाथों में किताब जरूर होनी चाहिए।" "शिक्षा वह शेरनी का दूध है, जो पियेगा वह दहाड़ेंगा।" बताया कि बाबा साहेब का पूरा जीवन देश के लिए समर्पित रहा। यही कारण है कि आज भी पूरा देश उनकी जयंती पर उन्हें याद करता है।
इस अवसर पर क्विज व पेंटिग प्रतियोगिता व बाल संवाद के प्रथम पांच विजेताओं क्रमशः सिमरन, शिवानी, सानिया, संजना व शाहिस्ता को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर अध्यापक अभिषेक सरोज, नीलिमा यादव, रामा राम, नीलम दूबे, गौतम विश्वकर्मा, प्रियंका राय सहित सैकड़ों विद्यार्थी उपस्थित रहे।


Post a Comment