वार्षिकोत्सव व सम्मान समारोह में देर तक झूमे लोग
करहां (मऊ) : शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना के उच्च प्राथमिक विद्यालय सुरहुरपुर में बुधवार को शारदा संगोष्ठी, वार्षिकोत्सव, विदाई व स्वागत समारोह सम्पन्न हुआ। इसमें विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से लोग देर तक झूमते रहे। समारोह में मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल, उपहार व प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ खण्ड शिक्षा अधिकारी श्वेता मौर्या ने सरस्वती प्रतिमा पर पूजन-अर्चन, माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। इसके बाद बच्चों ने सरस्वती वंदना, स्वागत नृत्य, समूह नृत्य, स्कूल चलो नृत्य, भाषण, देशभक्ति गीत, शिक्षा गीत, कृष्ण-राधा नृत्य आदि पेश किया। मद्यपान पर प्रस्तुत भावनृत्य ने लोंगो को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में प्रभारी प्रधानाध्यापिका प्रतिमा राय ने गणमान्य आगत अतिथियों को माल्यार्पण, पुष्प गुच्छ व स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित कर स्वागत भाषण व आभार प्रदर्शन किया। संचालन सहायक अध्यापक सतीश मौर्य ने किया।
मुख्य अतिथि श्वेता मौर्या ने बच्चों एवं अभिभावकों के मध्य शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। बताया कि जीवन में शिक्षा व अनुशासन सबसे आवश्यक अंग है। शिक्षा के बगैर मनुष्य का जीवन पशु के समान है। आज के परिषदीय विद्यालय अनेक सुविधाओं और कुशल अध्यापकों से परिपूर्ण हैं। इसलिए बेहिचक यहां अपने बच्चों का अधिक से अधिक प्रवेश करायें।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ भाजपा नेता संजय तिवारी, एसआरजी संजय कुमार तिवारी, प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्रवण कुमार यादव, धनंजय सिंह, रामसहाय यादव, स्वतंत्र श्रीवास्तव, आशा देवी, ओमप्रकाश दूबे, धर्मेश तिवारी, संजय राय, अनवार अहमद सहित सैकड़ों अभिभावक व विद्यार्थीगण उपस्थित रहे।





Post a Comment