13 बच्चों के साथ इसरो के शैक्षिक भ्रमण पर जायेगा अरैला का रुद्राक्ष
करहां (मऊ) : करहां परिक्षेत्र के अरैला गांव निवासी व रतनपुरा शिक्षा क्षेत्र के गाढ़ा उच्च प्राथमिक विद्यालय में कक्षा 08 में पढ़ने वाला छात्र रुद्राक्ष जिले के कुल 13 बच्चों के साथ इसरो के शैक्षिक भ्रमण पर जायेगा। गाढ़ा के कस्तूरबा विद्यालय में रसोईयां पद पर कार्यरत उसकी मां दयावती देवी व पिता शिव शंकर प्रजापति का यह होनहार बेटा कठिन "परख" परीक्षा पास करके विज्ञान के क्षेत्र में अपनी रुचि का सफल प्रदर्शन किया है। इस महत्वपूर्ण सफलता पर उसे चारो तरफ से उसे बधाईयां मिल रही हैं।
बता दें कि मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के करहां क्षेत्र स्थित अरैला ग्राम निवासिनी रुद्राक्ष की मां दयावती देवी कस्तूरबा विद्यालय गाढ़ा में रसोईया के पद पर कार्यरत हैं। रुद्राक्ष अपनी मां के साथ ही रहकर शिक्षा ग्रहण करता है। जिलाधिकारी प्रवीण कुमार मिश्रा एवं मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत नागर के निर्देश के क्रम में 13 मेधावी छात्रों में अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति जागरूकता एवं रुचि पैदा करने की उद्देश्य से इसरो अहमदाबाद शैक्षिक भ्रमण पर भेजा जा रहा है। इसी में रुद्राक्ष का भी चयन हुआ है इनके चयन से संपूर्ण विद्यालय एवं उनके परिवार में हर्ष का माहौल है।
1500 छात्रों ने जनपद में 'प्रखर' परीक्षा में प्रतिभाग किया था, जिसमें 34 छात्रों का साक्षात्कार हुआ था। इसमें मात्रा तेरह छात्रों का ही चयन किया गया जो अहमदाबाद इसरो का भ्रमण करेंगे। इसरो के साथ ही साथ छात्रों को स्पेस म्यूजियम भी दिखाया जाएगा, जो देश का सबसे बड़ा म्यूजियम है। सभी छात्र 06 मई की शाम वाराणसी पहुंचेंगे। वहां से ट्रेन द्वारा अहमदाबाद इसरो केंद्र पर भ्रमण के लिए जाएंगे। रसोईया मां के बेटे का इसरो भ्रमण के लिए चयन की खबर जैसे ही आई, क्षेत्र में खुशी व्याप्त हो गई और उन्हें बधाई देने वालों का ताता लगा हुआ है।

Post a Comment