छुट्टा पशु हांकने पर जानलेवा हमले में पांच घायल, पांच पर केस
करहां (मऊ) : रानीपुर थाने के काझा में रविवार की सुबह दरवाजे से छुट्टा पशु हांकने को लेकर दबंगों ने एक ही परिवार के पांच सदस्यों पर जानलेवा हमला बोल दिया। घर में घुसकर उनको बुरी तरह मारपीट कर घायल कर दिया है। घायलों को एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रानीपुर लाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद सबकी हालात गंभीर देख जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने गांव निवासी पांच लोगों पर केस दर्ज कर जांच पड़ताल में जुट गई है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार काझा निवासी तरुण सिंह के दरवाजे पर रविवार प्रातः एक आवारा पशु आ गया। जिसको उनके बड़े पिता जोखन सिंह भगाने लगे। इस बीच विपक्षी घनश्याम शर्मा दरवाजे पर गाली-गुप्ता देते हुये विरोध करने लगा। पूछने पर रुदल, अतुल, शिवम व सिद्धार्थ के साथ मिलकर घर में घुसकर लाठी, डंडा, राड व धारदार हथियार से हमला कर बुरी तरह मारपीट कर घायल कर दिया। इससे जोखन सिंह, तरुण सिंह, रविंद्र प्रताप, अभिषेक व अभय को गंभीर चोटें आ गयी और वे मौके पर बेहोश हो गये। पीड़ितों ने पांच हमलावरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर न्याय की मांग की है।

Post a Comment