महाराणा प्रताप जयंती का मिला उपहार, लोग गदगद
देवलास में लगेगी चेतक पर सवार महाराणा प्रताप की कांस्य प्रतिमा
करहां (मऊ) : महाराणा प्रताप संस्कृति एवं सामाजिक नवचेतना संस्थान के तत्वाधान तथा आईपीएस अधिकारी व स्थानीय भदीड़ गांव निवासी अनिल सिंह सिसोदिया का प्रयास रंग लाया। जनपद के प्रसिद्ध धार्मिक व सामाजिक स्थल देवलास में सनातन संस्कृति के रक्षक, देश के स्वाभिमान के प्रतीक महाराणा प्रताप की चेतक पर सवार कांस्य प्रतिमा की स्थापना हेतु शासनादेश जारी हो चुका है।
इससे लंबे समय से मांग कर रहे लोंगों में खुशी का नवसंचार हो गया है। इस आशय का पत्र उत्तर प्रदेश शासन ने संस्कृति विभाग को जारी कर दिया है।
मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक का यह स्थल देवल ऋषि की तपोस्थली सहित तमाम पौराणिक मान्यताओं के रुप में जानी जाती है। इसका संबंध अयोध्या के पूर्वी द्वार सहित पांडवों व राजा विक्रमादित्य से भी बताया जाता है। यहां बाल सूर्य मंदिर, सूर्य कुंड व अनेक समाजों के मंदिरों सहित महाराणा प्रताप का स्मारक स्थल भी है। इसी स्मारक स्थल पर अब महाराणा प्रताप की चेतक पर सवार कांस्य प्रतिमा स्थापित किये जाने का रास्ता साफ हो गया है।
इस शासनादेश पर प्रहलाद सिंह, राजेन्द्र प्रसाद सिंह, भीष्मदेव सिंह, चन्द्रविजय सिंह, अभिषेक यादव, स्वदेश सिंह रौशन, उमाशंकर सिंह, पुनीत सिंह, ओमप्रकाश सिंह आदि ने हर्ष व्यक्त किया है और इसे 09 मई महाराणा प्रताप जयंती समारोह का उपहार बताया है।






Post a Comment