Top News

मालव में काटे गए पेड़ों की जांच करने पहुंचे वन विभाग के अधिकारी

मालव में काटे गए पेड़ों की जांच करने पहुंचे वन विभाग के अधिकारी

◆तहसील दिवस में दिए गए प्रार्थना पत्र पर कराई गई जांच

◆ग्रामीणों ने ग्रामप्रधान पर अवैध रुप से पेड़ काटकर बेचने का लगाया था आरोप

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक के मालव ग्राम पंचायत में साधन सहकारी समिति के पास रविवार अपराह्न वन विभाग के अधिकारी काटे गए पेड़ों की जांच करने पहुंचे। ग्रामीण सर्वेश तिवारी द्वारा शनिवार को तहसील दिवस में दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर उक्त जांच भेजी गई थी। अधिकारियों ने मौके पर नापी करके काटे गए पेड़ों को चिन्हित किया और उसके मूल्य का आंकलन करने हेतु जांच रिपोर्ट सौपने की बात कही।

बता दें कि ग्रामीण गांव की इस सार्वजनिक भूमि पर ग्राम प्रधान शशिकला भारती द्वारा अवैध रुप से 250 पेड़ लागत लगभग 20 लाख रुपये काटकर बेचने का आरोप लगाते हए प्रार्थना पत्र देते आ रहे हैं। इसके पहले भी जिला प्रशासन के निर्देश पर एक बार जांच हुई थी।

शनिवार को पुनः तहसील दिवस में शिकायतकर्ता सर्वेश तिवारी ने प्रार्थना पत्र देकर उक्त विषय मे कोई कार्यवाही न होने का आरोप लगाते हए प्रार्थना पत्र दिया था। उन्होंने बताया कि बहुत सारे काटे गए पेड़ों की जड़ें तक जेसीबी से निकाली जा चुकी है। इसपर तहसील दिवस प्रभारी ने पुनः जांच करने का सख्त निर्देश दिया।

इसी क्रम में वन विभाग के रेंजर दिवाकर यादव व वन दरोगा विनोद कुमार आर्या ने मौके पर सीमांकन व चिन्हांकन किया। विनोद कुमार आर्या ने बताया कि मौके पर कुल काटे गए 125 पेड़ों को चिन्हित किया गया। उसकी अनुमानित लागत मूल्य का आंकलन करने के लिए उप जिलाधिकारी के पास जांच रिपोर्ट संलग्न की जायेगी।

इस संबंध में प्रधान प्रतिनिधि सूर्यकांत उर्फ गोल्डी ने बताया कि पेड़ अनेक मकसदों से काटे गए। बहुत सारे पेड़ खराब हो रहे थे और बहुत सारे पेड़ों का उपयोग गांव के लोंगो द्वारा व सार्वजनकि कार्यों में हुआ है। जो शेष 30-40 पेड़ हमारे द्वारा कटवाया गया है, उसका पैसा राजस्व में जमा कर दिया जाएगा और वापस आने पर उससे उस जमीन की चहारदीवारी बना दी जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post