Top News

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र करहां का रास्ता बदहाल, मरीज परेशान

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र करहां का रास्ता बदहाल, मरीज परेशान

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना-चिरैयाकोट सड़क मार्ग के किनारे जमुई ग्राम पंचायत में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र करहां का रास्ता आज भी कच्चा और बदहाल है।  मुख्य मार्ग के किनारे स्थित होने के बावजूद अस्पताल तक वाहन से पहुंचना मुश्किल है। चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी व क्षेत्रीय नागरिकों ने सड़क से उक्त अस्पताल तक पक्के मार्ग के निर्माण की मांग की है।

करहां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर क्षेत्र के लगभग 40 गांवों के मरीजों का आना जाना लगा रहता है। इसके पास ही 33/11 विद्युत उपकेंद्र व किसान सेवा केंद्र नामक पेट्रोल पंप स्थित है। लगभग 15 वर्षो के बाद भी अस्पताल के मुख्य भवन व रिहायशी भवन तक मात्र लगभग 100 मीटर तक जाना ही जान जोखिम में डालने के बराबर है। बरसात में जहां जगह-जगह कीचड़ व जलभराव रहता है, वहीं अन्य मौसम में सरपत व जंगल झाड़ियों से उक्त रास्ता ढका रहता है। अस्पताल पर आने वाले चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी व मरीज खराब रास्ते के कारण हमेशा भयभीत रहते हैं। कितने मरीज तो इसके कारण यहां न आकर झोलाछाप डाक्टरों के यहां इलाज कराके अपनी जान जोखिम में डाल लेते हैं।

इस समस्या की तरफ सक्षम अधिकारियों की तरफ ध्यान आकृष्ट कराते हुए किसान नेता नागेंद्र सिंह, डाक्टर आनंद कुमार गुप्ता, भाजपा मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, राजन कुमार, हंसराज यादव, रामधनी प्रजापति, चंदन यादव, तूफानी चौहान, अबुल फ़ैज़ खां, जयप्रकाश यादव, चंद्रभान आदि ने शीघ्रातिशीघ्र मार्ग निर्माण की मांग की है। इस संबंध में मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के बीडीओ कलाधर पांडेय ने कहा कि समस्या का तत्काल संज्ञान लिया जायेगा। संबंधित सचिव व ग्रामप्रधान से जानकारी लेकर उक्त मार्ग के निर्माण का भरपूर प्रयास करुंगा।




Post a Comment

Previous Post Next Post