विद्यालय परिसर से गुजरे जर्जर तार से नौनिहालों में दहशत
करहां (मऊ) : शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय शमशाबाद के बीच परिसर से 440 वोल्ट का जर्जर व नंगा तार गुजरा है। परिसर के अंदर ही एक विद्युत का खंभा भी लगाया गया है। इससे विद्यालय में पढ़ने वाले नौनिहालों की जान का खतरा बना रहता है। वर्तमान प्रभारी प्रधानाध्यापक चंद्रशेखर मौर्य ने बताया कि इस बाबत पहले से लेकर अबतक कई बार लिखित और मौखिक रुप से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है लेकिन उक्त बिजली का तार व पोल हटाया नहीं गया।
टीम ने पिछले शनिवार प्रातः 09:30 बजे की पड़ताल में पाया कि यहां के अध्यापक सभी बच्चों को कक्षा के अंदर पढ़ा रहे थे। साथ ही बच्चों को हमेशा निर्देशित किया गया है कि खाली समय में वे कक्षा से बाहर निकलने के बाद तार के नीचे न जाकर दूरी बनाकर रहें। विडंबना यह है कि ठीक इसके बगल में प्राथमिक विद्यालय भी संचालित होता है। दोनो स्कूलों के बीच रास्ते के ऊपर से भी यह तार गुजरा है। एक तो यह तार काफी पुराना व जर्जर है, जिसे कई जगह बांस की फट्ठियां लगाकर सहारा दिया गया है और दूसरी तरफ विद्यालय परिसर से ही बगल के घरों में कटिया कनेक्शन भी फंसाया गया है।
•विद्यालय परिसर और बीच रास्ते से गुजरे तार से हमेशा अंजाना भय व बच्चों में दहशत बनी रहती है। क्या विभाग किसी बड़ी घटना का इंतजार कर रहा है। अनहोनी से पहले इसका उपाय नहीं किया जा सकता है।
◆इंदू यादव, शमशाबाद◆



Post a Comment