कबड्डी खेलते समय कहासुनी में खूनी संघर्ष, युवक गंभीर, 3 महिला समेत 8 पर केस दर्ज
वलीदपुर (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के कटेहरी महमूदपुर गांव स्थित अंबेडकर पार्क में शनिवार दोपहर कबड्डी खेलते समय कहासुनी में खूनी संघर्ष हो गया। इस दौरान लाठी-डंडा चलने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बीच-बचाव में पहुंचे दो लोग भी चोटिल हुए। घायल को गंभीर हालत में इलाज के लिए आजमगढ़ भेजा गया है। पीड़िता ने कोतवाली में तहरीर देकर 3 महिला समेत 8 के विरुद्ध केस दर्ज कराया है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार वंदना देवी पत्नी राम अवध निवासी कटेहरी महमूदपुर ने आरोप लगाया है कि उनका भतीजा गौतम पुत्र उमाशंकर शनिवार की सुबह करीब 11 बजे अंबेडकर पार्क में कबड्डी खेलने गया था। खेल के दौरान गांव के ही दीपक व नीतिश पुत्रगण राजेश, आर्यमान पुत्र गंगाराम और प्रदीप उर्फ गोलू पुत्र माथूर से किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
आरोप है कि इसी बीच उक्त लोगों ने गाली-गलौज और हाथापाई शुरू कर दी। शोर सुनकर मौके पर पहुंचीं महिलाएं रीता देवी, गीता देवी और सुनैना पुत्रियां हरिचन तथा रिश्तेदार सूरज पुत्र जयराम भी एक राय होकर लाठी-डंडा लेकर आ धमके और मारपीट करने लगे।
बीच-बचाव करने पहुंचे सचिन पुत्र संजय और विपिन पुत्र नवरत्न भी चोटिल हो गए। मारपीट में गौतम के सिर पर गंभीर चोट लगी और वह मौके पर ही बेहोश हो गया। बाद में परिजन उसे आजमगढ़ ले गए, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पीड़िता ने बताया कि जाते-जाते विपक्षियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। मामले में पुलिस को लिखित तहरीर देकर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस घटना की जांच पड़ताल कर रही है।

Post a Comment