Top News

स्वदेशी नैनो उर्वरक का किसान करें प्रयोग : विजय नरायन शर्मा

स्वदेशी नैनो उर्वरक का किसान करें प्रयोग : विजय नरायन शर्मा

•सहकारी समिति करहां में  इफको ने आयोजित की किसान सभा

•हवा, जल, मिट्टी व मनुष्यों को दुष्प्रभाव से बचाएंगे नैनो उत्पाद : डा. हर्षवर्धन

करहां (मऊ) : साधन सहकारी समिति करहां में शनिवार को इंडियन फार्मर फर्टिलाइजर कोआपरेटिव लिमिटेड (इफको) के तत्वाधान में एक विकास खंड स्तरीय किसान सभा का आयोजन किया गया। इसमें आए हुए विभिन्न पदाधिकारियों एवं वैज्ञानिकों ने किसानों को नैनो उर्वरक के प्रति जागरुक किया। साथ ही हवा, जल, मिट्टी की प्राकृतिक शक्ति को बनाए रखने एवं उत्पादन बढ़ाने के लिए स्वदेशी नैनो उर्वरक के प्रयोग पर बल दिया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डीसीएफ के चेयरमैन व पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष विजय नरायन शर्मा ने कहा कि नैनो उर्वरक किसानों के लिए बहुत उपयोगी व पूर्ण रुप से स्वदेशी उत्पाद है। आज देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी स्वयं स्वदेशी अपनाने पर बल दे रहे हैं। रवि की बीजों के शोधन के लिए नैनो डीएपी से बेहतर कोई विकल्प नहीं है। इसी प्रकार यदि मिट्टी की उर्वरा शक्ति बचानी है और उत्पादन अच्छा पाना है, तो किसान नैनो यूरिया का छिड़काव अवश्य प्रारंभ करें।

किसान नेता नागेंद्र सिंह ने कहा कि यदि भारत का किसान दूरदर्शी नहीं बना आने वाले एक दशक बाद मिट्टी की उर्वरा शक्ति से हाथ धोना पड़ेगा।

इफको के उपक्षेत्र प्रबंधक डाक्टर हर्षवर्धन सिंह ने कहा कि हमें खेतों के लिए सिर्फ खाद नहीं चाहिए, हमें तो फसलों के लिए पोषक पदार्थ चाहिए। इसलिए इसके लिए जरुरी नहीं कि उसे मिट्टी में मिलाकर पौधों को दिया जाय। बीज व सिर्फ पौधों के ऊपर छिड़काव से भी यह काम हो सकता है और इसका कोई अतिरिक्त नुकसान भी नहीं होगा।

इफको के क्षेत्राधिकार वीरु सिंह ने बताया कि मिट्टी पर यूरिया का छिड़काव बेहद हानिकारक हैं। मिट्टी के अंदर उसके तत्वों के चले जाने से किसान मित्र जीवाणु, अन्न, जल और हवा को नुकसान पहुंचता है। वहीं नैनो यूरिया का सिर्फ पौधों और फसलों के ऊपर छिड़काव उन्हें इन हानियों से बचाता है। साथ ही फसलों को उससे अधिक फायदा पहुंचाता है। कहा कि इफको के सागरिका नामक उत्पाद में जहां फसलों के लिए सभी पोषक पदार्थ मौजूद हैं। वहीं 00.50 पोटैसियम सल्फेट नामक उत्पाद दलहनी व तिलहनी फसलों के लिए बहुत उपयोगी है।

कार्यक्रम को जिला सहकारी बैंक के डायरेक्टर अरविंद सिंह व करहां के पूर्व जिला पंचायत सदस्य रविभूषण प्रताप सिंह ने संबोधित किया। इस अवसर पर बरहदपुर, करहां व शमशाबाद साधन सहकारी समितियों के सचिव विवेक सिंह, विजय कुमार सिंह डब्लू व बेचन यादव, नसीरुद्दीन खां, मिथिलेश कुमार, सुधाकर पांडेय, करहां ग्राम प्रधान प्रतिनिधि श्यामविहारी जायसवाल, संतोष राय, हितेंद्र त्रिपाठी, राजेंद्र मौर्य, विधिचंद्र चौहान, सुनील सिंह सहित दर्जनों किसान उपस्थित रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post