सर्पदंश से आठ वर्षीय कार्तिक की मौत, परिवार में कोहराम
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली व तहसील क्षेत्र के मालव-पिटोखर गांव में रविवार की देर शाम जहरीले सर्प के डसने से आठ वर्षीय बालक की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में भी शोक का माहौल है। पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर पंचनामा बनाते हुए शव को अन्त्य परीक्षण हेतु भेजवा दिया।
गांव निवासी सुग्रीव राम का आठ वर्षीय पुत्र कार्तिक रविवार की शाम करीब सात बजे घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान घास में छिपे जहरीले सर्प ने उसे डस लिया। जानकारी होते ही स्वजन आनन-फानन में उसे चारपहिया वाहन से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद स्वजन एहतियातन उसे फातिमा और शारदा नारायण अस्पताल भी ले गए, लेकिन वहां भी चिकित्सकों ने उपचार की कोई संभावना नहीं बताई।
सोमवार को स्वजन की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने विधिक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा बनाया और अन्त्य परीक्षण हेतु भेज दिया। सूचना पर क्षेत्रीय लेखपाल भी मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई की। कार्तिक दो भाइयों और तीन बहनों में चौथे नंबर पर था। उसकी तीन बड़ी बहनें और एक छोटा भाई है। बेटे की मौत से माता-पिता समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।


Post a Comment