ठेले वाले को बचाने में साइकिल पर चढ़ा ट्रक, बाल-बाल बचा सवार
करहां (मऊ): स्थानीय बाजार स्थित यूनियन बैंक के सामने गुरुवार शाम करीब चार बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सब्जी ठेले वाले को बचाने के प्रयास में एक ट्रक ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी। जिससे उसकी साइकिल ट्रक के नीचे आकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि गनीमत यह रही कि साइकिल सवार सुरक्षित बच गया।
बता दें कि सद्धोपुर कमालपुर पहाड़पुर गांव निवासी 65 वर्षीय दशई राजभर बाजार से खाद लेकर साइकिल से अपने घर जा रहे थे। जैसे ही वे चिरैयाकोट-मुहम्मदाबाद गोहना मार्ग पर यूनियन बैंक के सामने पहुंचे, चिरैयाकोट की ओर से आ रहे एक ट्रक ने सब्जी ठेले वाले की नादानी के कारण उसे पास देने के प्रयास में दशई राजभर की साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दशई राजभर छिटककर दूर जा गिरे, जिससे उनकी जान तो बच गई, लेकिन उनकी साइकिल ट्रक के नीचे दबकर बुरी तरह टूट गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।


Post a Comment