नवरात्रि के प्रथम दिन बीएसए नौ बेटियों को प्रदान की नवदुर्गा छात्रवृति
•शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना के माहपुर कंपोजिट विद्यालय में शुरु हुआ छठां नवाचार
•विद्यालय के नवाचारी शिक्षकों को दिया प्रशस्ति पत्र व बच्चों को बांटा आईडी कार्ड
करहां (मऊ) : शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना के कंपोजिट विद्यालय माहपुर में नवरात्रि के प्रथम दिन सोमवार को एक नए नवाचार नवदुर्गा छात्रवृत्ति योजना की शुरुआत की गई। बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार उपाध्याय ने चयनित नौ मेधावी बेटियों को इसका चेक प्रदान कर शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने जहां विद्यालय के नवाचारी शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया, वहीं विद्यार्थियों के पहचान पत्र का वितरण किया।
नवाचारी विद्यालय के रुप में ख्यातिप्राप्त इस विद्यालय में स्टाफ द्वारा शुरु किया गया यह छठवां नवाचार है। स्टूडेंट आफ द मंथ, चिल्ड्रेन बैंक आफ माहपुर, मासिक उपस्थिति पुरस्कार योजना, स्टूडेंट बोर्ड व शनिवार मस्ती की पाठशाला के उपरांत अब बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए नवदुर्गा छात्रवृत्ति योजना शुरु की गई है। प्रधानाध्यापक प्रेमशंकर तिवारी ने बताया कि इसके अंतर्गत विद्यालय की चयन समिति प्रति माह नौ मेधावी बेटियों का चयन किया जाएगा, जिन्हें शिक्षा के लिए प्रेरित करने के लिए 100-100 रुपया प्रतिमाह दिया जाएगा। वर्ष भर में 108 बेटियों को 10800 रुपये इस योजना के माध्यम से प्रोत्साहन प्रदान किया जाएगा।
पूर्वाह्न जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार उपाध्याय ने सरस्वती पूजन व दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान विद्यालय के स्टाफ व छात्र-छात्राओं ने विविध कार्यक्रमों के मध्य उनका स्वागत-माल्यार्पण कर स्मृतिचिन्ह प्रदान किया। उन्होंने नवरात्रि के पहले दिन अपने हाथों विद्यालय की छात्राओं आराध्या, सानिया, चांदनी, आयत, शिवानी, साबरीन, इशिता, सुनैना व संध्या को नवदुर्गा के रुप में कन्या पूजन किया। तिलक-चंदन व चुनरी आदि अर्पित कर उन्हें उक्त छात्रवृत्ति योजना का चेक प्रदान किया। साथ ही सभी स्टाफ को प्रशस्ति पत्र तथा 207 के सापेक्ष 204 विद्यार्थियों को आईडी कार्ड प्रदान किया।
इस दौरान संतोष कुमार उपाध्याय ने कहा कि माहपुर कंपोजिट विद्यालय अपनी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व नवाचारों के द्वारा जिले के विद्यालयों में प्रमुख स्थान रखता है। विद्यालय द्वारा बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए शुरु की गई नवदुर्गा छात्रवृत्ति योजना एक सराहनीय पहल है। उन्होंने यहां के नवाचारी शिक्षकों द्वारा चलाए गए अन्य नवाचारों एवं कक्षाओं में पठन-पाठन की सराहना की।
कार्यक्रम का संचालन विज्ञान शिक्षक राजीव मौर्य ने तो धन्यवाद ज्ञापन प्रधानाध्यापक प्रेमशंकर तिवारी ने किया। इस अवसर पर नीलम दूबे, अभिषेक सरोज, हेमंत कुमार पांडेय, नीलिमा यादव, शहज़ादी बानो, गौतम विश्वकर्मा, समस्त रसोईयां व सैकड़ों विद्यार्थी उपस्थित रहे।



Post a Comment