करहां परिक्षेत्र के यश ने इंटर स्टेट रोविंग प्रतियोगिता के डबल्स में जीता स्वर्ण पदक
•गोरखपुर के रामगढ़ ताल में संपन्न हुई प्रतियोगिता
•यश कुमार यादव ने साथी प्रवीण कुमार संग जीती चैंपियनशिप
करहां (मऊ) : गोरखपुर स्थित रामगढ़ ताल की लहरों पर चल रही महिला व पुरुष वर्ग की बथवाल कप इंटर स्टेट रोविंग प्रतियोगिता का रविवार देर शाम समापन हो गया। करहां परिक्षेत्र के चकौधी-सुहवल निवासी यश कुमार यादव ने बालक वर्ग की युगल प्रतियोगिता में प्रतिभाग करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। इस सफलता पर गांव-क्षेत्र को लोंगो में हर्ष का माहौल है और लोग बधाई दे रहे हैं।
बता दें कि यश कुमार यादव हरियाणा में रहकर पढ़ाई करते हैं एवं बचपन से ही रोविंग प्रतियोगिता का प्रशिक्षण ले रहे हैं। उनके पिता विजय कुमार यादव जहां इंडियन आर्मी में सेवारत हैं, वहीं माता सीमा यादव शिक्षिका हैं। उन्होंने रामगढ़ ताल की लहरों पर दिल्ली की टीम से प्रतिभाग करते हुए वहीं के साथी प्रवीण कुमार के साथ मिलकर बालक वर्ग की युगल प्रतियोगिता का स्वर्ण पदक झटका। हरियाणा के राहुल व अंशु को जहां रजत पदक हासिल हुआ, वहीं उत्तराखंड के कपिल कुमार व दीपक को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
यश कुमार की इस सफलता पर ब्लाक प्रमुख मुहम्मदाबाद गोहना रानू सिंह, नगर पंचायत चिरैयाकोट के अध्यक्ष रामप्रताप यादव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य रविभूषण प्रताप सिंह, चंद्रशेखर यादव व आशीष चौधरी, पूर्व ग्राम प्रधान रणधीर यादव, वर्तमान प्रधान मयंक सिंह, डाक्टर प्रताप कुमार गौतम, प्रमोद यादव अजय आदि ने बधाई देते हुए उनके आगामी उज़्ज़वल व सफल भविष्य की कामना की है।



Post a Comment