तीन पर धोखाधड़ी का केस दर्ज, रजिस्ट्री के नाम पर बिना भुगतान के जमीन हड़पने का आरोप
वलीदपुर (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के नगरीपार गांव निवासी एक व्यक्ति ने तीन लोगों पर धोखाधड़ी कर बिना पैसा दिए उसकी जमीन की रजिस्ट्री कराने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीनों आरोपितो के खिलाफ धोखाधड़ी और एससी एसटी अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नगरीपार गांव निवासी अखिलेश पुत्र जोखन राम का आरोप है कि उन्होंने पीटोखर गांव निवासी वकील चौहान से व्यापार के लिए 4 लाख 11 हजार रुपये उधार लिए थे, जिसे बाद में नगद और वकील चौहान के बताए अनुसार कौशांबी जनपद के सोरांव थाना क्षेत्र के सारायलाल खातून गांव निवासी राममिलन के खाते में वापस कर दिया था। इसके बाद दोनों का घर आना-जाना शुरू हो गया।
पीड़ित का कहना है कि इसी दौरान आरोपितों ने उसके पिता को विश्वास में लेकर बीते 26 दिसंबर 2023 को तीन बिस्सा जमीन की रजिस्ट्री 20 लाख रुपये में कराने का झांसा दिया। आरोप है कि बैंक में पैसे भेजने का झूठा आश्वासन देकर धोखे से रजिस्ट्री करा ली, लेकिन एक भी रुपये का भुगतान नहीं किया गया।
जब पीड़ित ने रुपये की मांग की तो एक अन्य व्यक्ति उमेश सिंह ने फोन कर धमकी दी कि पैसे की बात भूल जाओ, वरना जान से मार दिया जाएगा। आरोप है कि इस दौरान जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज भी की गई।

Post a Comment