भदीड़ के लाल स्वदेश का सम्मान, गांव में खुशी की लहर
युवा शक्ति क्लब ने सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक योगदान के लिए किया सम्मानित
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना तहसील के भदीड़ गांव राष्ट्रीय जनता इंटर कॉलेज के परिसर में गुरुवार की शाम युवा शक्ति क्लब के तत्वावधान में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में गांव के ही सुपुत्र और ग्रेटर नोएडा स्थित जिम्स संस्थान के सीईओ स्वदेश कुमार सिंह रौशन को उनके उल्लेखनीय शैक्षिक, धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक योगदानों के लिए सम्मानित किया गया। समारोह में ग्रामीणों ने स्वदेश सिंह को अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके कार्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिवाजी राय ने कहा कि स्वदेश सिंह उच्च पद पर रहते हुए भी हमेशा अपनी जड़ों से जुड़े रहे हैं। उन्होंने अपने व्यस्त जीवन के बीच गांव की पुरानी धरोहरों गुरलहवा बाबा, डीह बाबा, सती माई, शिव मंदिर, काली माता, दुर्गा जी मंदिर सहित गांव के भव्य गेट का जीर्णोद्धार करवा कर एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है।
विशिष्ट अतिथि रामनिवास मौर्य ने बताया कि स्वदेश सिंह ने गांव के मुख्य द्वार का भव्य निर्माण कराया और महरुपुर स्थित मंदिर का भी कायाकल्प करवाया है। वहीं, राघवेंद्र प्रताप सिंह सिसोदिया ने कहा कि स्वदेश सिंह बिना किसी भेदभाव के जरूरतमंद बेटियों की शादी में आर्थिक सहयोग देते हैं और छठ व जिउतिया जैसे पारंपरिक पर्वों पर महिलाओं को साड़ी वितरित कर समाजसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण पेश करते हैं।
सिसोदिया संघ देवलास के संयुक्त मंत्री चंद्रविजय सिंह ने बताया कि स्वदेश सिंह के नेतृत्व में देवलास क्षेत्र के लगभग एक दर्जन धार्मिक एवं सामाजिक स्थलों का कायाकल्प जारी है। इसके अलावा, महाराणा प्रताप स्मारक स्थल के पुनर्निर्माण के तहत 25 लाख रुपये की लागत से चेतक पर सवार महाराणा प्रताप की कांस्य प्रतिमा स्थापित की जानी है, जिसमें उनका प्रमुख योगदान रहेगा।
अपने सम्मान से भावुक स्वदेश कुमार सिंह रौशन ने कहा कि अपने गांव के युवाओं के बीच सम्मानित होना मेरे लिए गर्व का विषय है। मैं बचपन के अभावों को याद कर आज जब कुछ करने की स्थिति में हूं, तो गांव और क्षेत्र की सेवा करना ही मेरा संकल्प है। धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यों से मिलने वाली आत्मिक शांति ही मेरी सबसे बड़ी पूंजी है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सिसोदिया संघ के सम्मानित अध्यक्ष आरपी सिंह, संयोजन संजय सिंह और संचालन अनिरुद्ध सिंह ने किया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान गौरी राजभर, भीष्मदेव सिंह, कृपा नारायण, दिनेश सिंह, रविंद्र गुप्ता, पतिराम, लल्लन सिंह, रणधीर सिंह, मांधाता सिंह, रामप्रवेश, शशि प्रकाश, लव चतुर्वेदी, अभिषेक तिवारी, पप्पू यादव, इंद्रद्युम्न सिंह, धनंजय सिंह, निशांत सिंह, राहुल सिंह मंडल महामंत्री भाजपा, कर्मवीर सिंह, मुकेश सिंह गोलू, नीरज, पप्पू गोड, राजीव रतन सिंह, हनुमंत सिंह, डेविड सिंह, विपुल सिंह, शैलेश गोंड़, एहसान खान सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।









Post a Comment