माहपुर के बच्चों ने रसोइया माताओं संग हर्षोल्लास पूर्वक मनाया छठ महापर्व
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय माहपुर में शनिवार को बच्चों ने छठ महापर्व को आस्था और उत्साह के साथ मनाया। विद्यालय परिसर में सजे धार्मिक माहौल में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपने हाथों से ईंटों की बेदी तैयार की और रसोइया माताओं को छठ पर्व की विशेष भेंटें कोशी, फल, गन्ना, चुनरी आदि अर्पित कीं।
रसोइया माताएं मंजू, मीरा, गुड्डी, सविता और प्यारी देवी बच्चों के इस स्नेह भरे भाव से भावुक हो उठीं। बच्चों ने बेदी के सामने अर्घ्य देकर पर्व की परंपरा को जीवंत किया। प्रधानाध्यापक प्रेम शंकर तिवारी ने कहा कि यह पहल बच्चों में भारतीय संस्कृति, आस्था और सेवा भावना को मजबूत करती है। कार्यक्रम में शिक्षक राजीव मौर्य, अभिषेक सरोज, नीलिमा यादव, गौतम विश्वकर्मा, हेमंत कुमार पांडेय और शहजादी बानो मौजूद रहे और बच्चों के उत्साह की सराहना की।


Post a Comment