एक वर्ष पहले हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, परिवार में कोहराम
करहां, मऊ। मुहम्मदाबाद गोहना थाना क्षेत्र के करहां रसूलपुर निवासी 22 वर्षीय अभिषेक यादव की रविवार भोर में इलाज के दौरान मौत हो गई। करीब एक वर्ष पहले पिकअप की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। लंबे समय तक उपचार के बावजूद उसकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ, जिसके बाद शनिवार रात तबीयत अचानक बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने अंतिम सांस ली।
मिली जानकारी के अनुसार जमुई निवासी अभिषेक यादव पुत्र हरिश्चंद्र यादव 29 अक्टूबर 2024 को क्षेत्र के प्रसिद्ध गुरादरी धाम पर प्रसाद चढ़ाकर घर लौट रहा था। इसी दौरान करहां रसूलपुर मोड़ के पास एक तेज रफ्तार पिकअप ने उसे टक्कर मार दी थी। हादसे में गंभीर रूप से घायल अभिषेक को स्थानीय निजी चिकित्सालय से रेफर कर आजमगढ़ के नेशनल अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टर दानिश अहमद की देखरेख में उसका इलाज चल रहा था।
करीब एक वर्ष तक निरंतर इलाज के बावजूद अभिषेक की हालत में कोई विशेष सुधार नहीं हुआ। शनिवार देर रात तबीयत बिगड़ने पर उसे पुनः अस्पताल ले जाया गया, जहां रविवार तड़के करीब तीन बजे उसने दम तोड़ दिया।
परिजनों के अनुसार, मृतक के पिता हरिश्चंद्र यादव ट्रक चालक हैं, बड़े पिता कैलाश चौहान और चाचा शिवकुमार यादव भी नौकरीपेशा हैं। चार भाई-बहनों में अभिषेक सबसे बड़ा था। उसकी असमय मौत से पूरे परिवार में कोहराम मच गया। मां, भाई और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव के लोगों में भी गहरा शोक व्याप्त है।

Post a Comment