Top News

करहां में निकला राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का पथ संचलन, बौद्धिक में मिले मार्गदर्शन के सूत्र

करहां में निकला राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का पथ संचलन, बौद्धिक में मिले मार्गदर्शन के सूत्र

संघ के शताब्दी वर्ष पर हुआ कार्यक्रम, जिला बौद्धिक प्रमुख चंद्रपीठजी ने समाज के लिए समय निकालने का दिया मंत्र

करहां, मऊ। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को करहां मंडल में भव्य पथ संचलन और बौद्धिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। नगर प्रचारक मुकेशजी, सह जिला सेवा प्रमुख लक्ष्मी गुप्ता तथा खंड कार्यवाह धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में पूर्ण गणवेशधारी स्वयंसेवकों ने राष्ट्रभक्ति के गीतों के साथ अनुशासित पंक्तियों में नगर भ्रमण किया।

कार्यक्रम का प्रारंभ बाबा बहाल दास इंटर कॉलेज परिसर में स्वयंसेवकों के एकत्रीकरण से हुआ। वहां से पथ संचलन ने रसूलपुर, माहपुर, करहां, गद्दोपुर होते हुए करहां मील तक पहुंचकर वापसी की और श्रीटावर परिसर में समापन हुआ। समापन सत्र में ध्वज प्रणाम और प्रार्थना के साथ बौद्धिक कार्यक्रम संपन्न हुआ।

बौद्धिक मंच की अध्यक्षता रविंद्र सिंह ने की। कार्यक्रम का संचालन खंड कार्यवाह धर्मेन्द्रजी ने किया। बौद्धिक मंच पर संघ चालक जनार्दन सिंह एडवोकेट ने स्वयंसेवको को प्रेरित किया। जिला बौद्धिक प्रमुख चंद्रपीठजी ने प्रभु श्रीराम, भारत माता, डॉक्टर हेडगेवार और गुरुजी गोलवलकर के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

अपने बौद्धिक उद्बोधन में चंद्रपीठजी ने कहा कि एक स्वयंसेवक स्वयं के लिए नहीं, बल्कि समाज के लिए चलता है। यही भावना संघ को विश्व का सबसे बड़ा संगठन बनाती है। हमें प्रतिदिन कुछ समय पूजा, व्यायाम और पठन-पाठन के लिए निकालना चाहिए ताकि शारीरिक, बौद्धिक और आध्यात्मिक विकास हो सके।

उन्होंने व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश की आर्थिक व्यवस्था को सशक्त करने में हर नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। सरकार द्वारा जीएसटी में किए गए संशोधन का उद्देश्य विदेशी व्यापारिक दबावों से देश को बचाना है। चंद्रपीठजी ने संघ परिवारों से कुटुंब प्रबंधन के संस्कारों को घर-घर तक पहुँचाने का भी आह्वान किया। चंद्रकांत तिवारी ने मनमोहक एकल गीत का गायन किया।

कार्यक्रम में बालगोविंद यादव, नागेंद्र सिंह, प्रद्युम्न प्रताप, रविभूषण प्रताप सिंह, चंद्रशेखर मौर्य, आशीष प्रताप, ओंकार सिंह मुन्ना, विष्णुकांत श्रीवास्तव, भूपेंद्र सिंह, जनार्दन शर्मा, संतोष सिंह, आशीष चौधरी, आशुतोष पांडेय, प्रभाकर राय, दिनेश गोंड़, राहुल सिंह, आशीष प्रताप, रितिक सिंह, प्रशांत त्रिपाठी, अविनाश सिंह, अजय दादा, इंद्रपाल राम, ओमप्रकाश, समरेंद्र सिंह, आदित्य चौरासिया सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक मौजूद रहे।


Post a Comment

Previous Post Next Post