एसडीएम पर मनमानी का आरोप, तहसील अधिवक्ताओं का धरना-प्रदर्शन
मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ। स्थानीय तहसील के अधिवक्ताओं ने शुक्रवार को उपजिलाधिकारी पर एकतरफा आदेश पारित करने और फाइलों के निस्तारण में मनमानी बरतने का आरोप लगाते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित अधिवक्ताओं ने एसडीएम न्यायालय व कार्यालय के सामने नारेबाजी करते हुए धरना दिया।
अधिवक्ताओं का कहना है कि आदेश बहाल कराने से संबंधित प्रार्थना पत्रों पर भी सुनवाई नहीं हो रही है। इससे नाराज़ होकर वकील आंदोलन पर उतर आए। अधिवक्ता अली अकरम, महेंद्र राय, खुर्शीद अहमद, अशोक कुमार, लालजी सहित अन्य ने बताया कि एसआईआर के दौरान अधिकारी व कर्मचारी नियमित रूप से न्यायालय में उपस्थित नहीं रहे, जिससे बीते एक माह से न्यायिक कार्य प्रभावित है।
वकीलों के अनुसार, इसी अवधि में सैकड़ों फाइलें बिना सुनवाई के ही खारिज कर दी गईं। आदेशों की प्रतियां उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं और रिस्टोर प्रार्थना पत्रों पर भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। अधिवक्ताओं ने उपजिलाधिकारी के व्यवहार को बार-बेंच की परंपरा के विपरीत बताया।
शुक्रवार सुबह तहसील खुलते ही अधिवक्ता एसडीएम न्यायालय व कार्यालय पहुंचे और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिसके बाद वहीं धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन में अर्शे आलम, इनाम खान, प्रदीप उपाध्याय, संतोष श्रीवास्तव, सुधीर श्रीवास्तव, संजय तिवारी, विनय श्रीवास्तव, संजय कुमार, छोटेलाल शर्मा, अनुराग श्रीवास्तव सहित दर्जनों अधिवक्ता मौजूद रहे।


Post a Comment