Top News

रामकथा के पुण्य प्रसंग पर भक्ति की बयार, भंडारे में उमड़ा आस्था का सागर


रामकथा के पुण्य प्रसंग पर भक्ति की बयार, भंडारे में उमड़ा आस्था का सागर


करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कस्बे से सटे किशुनदास बाबा की कुटी पर आयोजित नौ दिवसीय श्रीराम कथा एवं रासलीला के पावन समापन के उपरांत सोमवार को भक्ति, सेवा और समर्पण से सजा विशाल भंडारा श्रद्धालुओं के लिए आस्था का उत्सव बन गया। जैसे ही महाप्रसाद का वितरण प्रारंभ हुआ, श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा और पूरा परिसर रामनाम की सुगंध से महक उठा।


अपराह्न से आरंभ हुए इस भंडारे में देर रात्रि तक हजारों भक्तों ने पंक्तिबद्ध होकर महाप्रसाद ग्रहण किया और पुण्यलाभ अर्जित किया। आयोजन स्थल पर हर चेहरा सेवा के रंग में रंगा नजर आया। माताएं-बहनें पूरे उत्साह के साथ पूड़ी व प्रसाद निर्माण में जुटी रहीं, वहीं आयोजन समिति के स्वयंसेवकों ने निस्वार्थ भाव से व्यवस्था संभालते हुए सेवा की जीवंत मिसाल प्रस्तुत की।


दूर-दराज से आए श्रद्धालु कुटी के महंत रामज्ञानी दास से आशीर्वाद लेकर दान-पुण्य करते और प्रसाद ग्रहण करते दिखाई दिए। भंडारे का शुभारंभ प्रसिद्ध आर्थोपेडिक सर्जन डॉ. उमेश सरोज ने दीप प्रज्ज्वलन एवं फीता काटकर किया। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में संस्कारों की नींव मजबूत करते हैं और सेवा व समरसता की भावना को जीवंत बनाए रखते हैं। इस अवसर पर संतोष सिंह, लक्ष्मी गुप्ता, मनोज कुमार, धर्मेंद्र सिंह, श्याम चौबे, भूपेंद्र सिंह, अंकित सरोज, मुन्ना सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।




Post a Comment

Previous Post Next Post