भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में अखंड प्रताप ने प्राप्त किया प्रथम स्थान
करहां (मऊ) : शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना के उच्च प्राथमिक विद्यालय सुरहुरपुर में भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में सफल विद्यार्थियों को मंगलवार को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में छात्रों के उत्साह और उपलब्धियों की सराहना की गई।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र अखंड प्रताप ने तहसील स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय व क्षेत्र का नाम रोशन किया। उनकी इस सफलता पर शिक्षकों और उपस्थित अभिभावकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में प्रभारी प्रधानाध्यापिका प्रतिमा राय ने कहा कि भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा छात्रों में संस्कार, नैतिक मूल्य और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करती है। उन्होंने अन्य छात्रों को भी इस तरह की परीक्षाओं में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान सतीश कुमार मौर्य, राम सहाय यादव, आशा देवी, लीलावती मौर्या, सरोज यादव सहित दर्जनों विद्यार्थी उपस्थित थे। सभी ने सफल छात्रों को बधाई देते हुए उनके मनोबल को बढ़ाया।

Post a Comment