Top News

रुस भेजने का झांसा देकर 1.20 लाख की ठगी, फर्जी वीजा थमाकर दी जान से मारने की धमकी

रुस भेजने का झांसा देकर 1.20 लाख की ठगी, फर्जी वीजा थमाकर दी जान से मारने की धमकी

करहां (मऊ) : विदेश भेजने के नाम पर बलिया जनपद के उभावं थाना क्षेत्र अंतर्गत दोथ सोनड़ीह गांव निवासी एक युवक से 1 लाख 20 हजार रुपये की ठगी का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित की तहरीर और पुलिस अधीक्षक इलामारन के निर्देश पर रविवार को मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली में दो आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी गई है।

दर्ज प्राथमिकी के अनुसार पुनीत कुमार की मुलाकात उसके एक मित्र के माध्यम से मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के ढोलना गांव निवासी नरेश कुमार से हुई थी। आरोप है कि नरेश ने स्वयं को भारत सरकार का बड़ा अधिकारी बताते हुए कई लोगों को विदेश भेजने का दावा किया और पुनीत को रुस भेजने का भरोसा दिलाया। इसके एवज में 1 लाख 20 हजार रुपये की मांग की गई।

पीड़ित का कहना है कि जुलाई 2023 से 15 मई 2025 के बीच उसने छह किस्तों में कुल 1 लाख 20 हजार रुपये आरोपित व उसके बताए गए अन्य खातों में भेज दिए। बावजूद इसके, उसे विदेश नहीं भेजा गया और आरोपित लगातार टालमटोल करता रहा। जब पुनीत ने दबाव बनाया तो उसे जार्डन का कथित फर्जी वीजा थमा दिया गया।

पैसा वापस मांगने पर आरोपितों ने जान से मारने की धमकी दी। पुनीत ने आरोप लगाया है कि इस साजिश में नरेश का एक सहयोगी गगन भी शामिल है। स्थानीय कोतवाली में एसपी के आदेश पर ढोलना निवासी नरेश कुमार एवं गगन पता अज्ञात के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर मामले की जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post