प्राथमिक विद्यालय मालव में 233 बच्चों को लगा मीजल्स-रुबेला का निश्शुल्क टीका
करहां (मऊ) : उत्तर प्रदेश शासन एवं मुख्यमंत्री के विशेष अभिप्रेरणा के तहत जनपद के समस्त परिषदीय विद्यालयों में संचालित मीजल्स-रुबेला (चेचक या छोटी माता) टीकाकरण अभियान के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय मालव में मंगलवार को कक्षा एक से आठ तक के कुल 233 उपस्थित बच्चों को निश्शुल्क टीका लगाया गया। टीकाकरण कार्य एएनएम सीमा यादव एवं रेनू यादव द्वारा संपन्न कराया गया। इस दौरान आशा कार्यकर्ता सुनीता देवी एवं इंद्रकला गोंड़ सहित विद्यालय परिवार का सहयोग रहा।
टीकाकरण से पूर्व विद्यालय के प्रधानाध्यापक धनंजय सिंह ने बच्चों एवं अभिभावकों को आवश्यक जानकारी देते हुए बताया कि जिन बच्चों को कोई गंभीर या दीर्घकालिक बीमारी हो अथवा जो लंबे समय से किसी विशेष दवा का सेवन कर रहे हों, उन्हें टीका नहीं लगवाना चाहिए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया कि सभी बच्चों को भोजन कराने के उपरांत ही टीकाकरण किया जाए। जो बच्चे भोजन करके नहीं आए थे, उन्हें मध्यान्ह भोजन कराने के बाद टीका लगाया गया।
प्रधानाध्यापक ने बताया कि मीजल्स और रुबेला, जिसे ग्रामीण भाषा में छोटी माता कहा जाता है, अत्यंत संक्रामक और खतरनाक बीमारी है। इससे बचाव का एकमात्र प्रभावी उपाय समय पर टीकाकरण ही है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि उन्हें गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सके।



Post a Comment