रमजान, ईद व होली को लेकर कोतवाली में पीस कमेटी की बैठक
करहां (मऊ) : रमजान के पाक माह, ईद एवं होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कोतवाली मुहम्मदाबाद गोहना परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी निरीक्षक ने की। इसमें क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों और संभ्रांत व्यक्तियों ने सहभागिता की।
बैठक में एसडीएम अभिषेक गोस्वामी व सीओ शीतला प्रसाद पांडेय ने स्पष्ट किया गया कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से अपील किया कि सभी पर्व आपसी भाईचारे के साथ मनाएं, किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेश प्रसारित करने से बचें। उन्होंने चेतावनी दी कि माहौल खराब करने या अराजकता फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जुलूस, डीजे, हुड़दंग और सार्वजनिक स्थलों पर रंग खेलने के दौरान शासन-प्रशासन के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने पर जोर दिया गया। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने की बात भी कही गई। बैठक में उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए क्षेत्र में शांति, सौहार्द और आपसी सद्भाव बनाए रखने का संकल्प दोहराया। उल्लेखनीय है कि मुहम्मदाबाद गोहना सहित जनपद में त्योहारों को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और शांति एवं सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी अभिषेक गोस्वामी, क्षेत्राधिकारी शीतला प्रसाद पांडेय, थाना प्रभारी कमलाकांत वर्मा, कस्बा इंचार्ज मिथिलेश कुमार, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि दीपक गुप्ता डायमंड, एसडीओ विद्युत कृष्णकांत यादव, जेई रमाकांत यादव, सभासद राजकुमार, ओमप्रकाश राजभर, अवधेश चौहान, ग्राम प्रधान राज नायक, नौशाद अहमद सहित व्यापारी वर्ग एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।


Post a Comment