1.80 करोड़ की लागत से वलीदपुर नगर पंचायत को मिलेगा नया आधुनिक कार्यालय भवन
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना तहसील क्षेत्र की वलीदपुर नगर पंचायत को शीघ्र ही अपना स्वतंत्र और अत्याधुनिक कार्यालय भवन मिलने जा रहा है। करीब 1 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित यह भवन वर्तमान में पानी की टंकी परिसर में चल रहे अस्थायी कार्यालय का स्थान लेगा।
नगर पंचायत के गठन को लगभग 11 वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन अब तक पर्याप्त भवन और आवश्यक सुविधाओं के अभाव में कर्मचारियों एवं आम नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। नए भवन के निर्माण से इन समस्याओं का समाधान होने की उम्मीद है। यह भवन मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत निर्मित किया जाएगा। इस योजना का उद्देश्य शहरी निकायों को आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित कर उनकी आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करना है। योजना के अंतर्गत जलापूर्ति, सड़क, नाली निर्माण और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन जैसे विकास कार्यों के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है।
प्रस्तावित कार्यालय भवन में नागरिकों के लिए प्रतीक्षालय (बैठक व्यवस्था), मीटिंग हॉल, कंप्यूटर कक्ष, अधिकारियों के अलग-अलग कार्यालय कक्ष और बैठक कक्ष की व्यवस्था की जाएगी। इसके अतिरिक्त परिसर में पार्किंग सुविधा और सीसी रोड का निर्माण भी कराया जाएगा, जिससे आने-जाने में सुविधा होगी। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी अर्जुन कुमार राजभर ने बताया कि वर्तमान कार्यालय पानी की टंकी परिसर में संचालित है और नया भवन भी उसके समीप ही बनाया जाएगा। इससे नागरिकों को सेवाएं प्राप्त करने में आसानी होगी तथा प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और तेजी आएगी।
निर्माण कार्य के लिए टेंडर जारी होने की संभावना मार्च माह में है, जबकि भवन निर्माण कार्य पूरा होने में लगभग एक वर्ष का समय लग सकता है। नगरवासियों को आशा है कि नए भवन के निर्माण से विकास योजनाओं को गति मिलेगी और प्रशासनिक व्यवस्था अधिक सुदृढ़ व व्यवस्थित होगी।

Post a Comment