Top News

मालव में 233 बच्चों को लगा मीजल्स-रूबेला का टीका


मालव में 233 बच्चों को लगा मीजल्स-रूबेला का टीका

मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश एवं मुख्यमंत्री की विशेष पहल के तहत जनपद के सभी सरकारी विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक के छात्र-छात्राओं का मीजल्स-रूबेला (एमआर) टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्राथमिक विद्यालय मालव में कुल 233 उपस्थित बच्चों को निशुल्क टीका लगाया गया।

टीकाकरण कार्य एएनएम सीमा यादव और एएनएम रेनू यादव द्वारा संपन्न कराया गया। इस दौरान आशा कार्यकर्त्री सुनीता देवी एवं इंद्रकला गोंड़ ने भी सक्रिय सहयोग दिया। विद्यालय परिवार की ओर से अभियान को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग किया गया।

टीकाकरण से पूर्व प्रधानाध्यापक धनंजय सिंह ने बच्चों और अभिभावकों को आवश्यक जानकारी देते हुए बताया कि जिन बच्चों को कोई गंभीर या दीर्घकालिक बीमारी है अथवा जो लंबे समय से नियमित दवा का सेवन कर रहे हैं, उन्हें टीका न लगवाया जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया गया कि सभी बच्चे भोजन करने के बाद ही टीकाकरण कराएं। जो बच्चे बिना भोजन के विद्यालय पहुंचे थे, उन्हें मध्याह्न भोजन (एमडीएम) कराने के उपरांत ही टीका लगाया गया।

प्रधानाध्यापक ने बताया कि मीजल्स और रूबेला, जिसे ग्रामीण क्षेत्र में ‘छोटी माता’ भी कहा जाता है, अत्यंत संक्रामक और खतरनाक बीमारी है। इससे बचाव का सबसे प्रभावी और सुरक्षित उपाय टीकाकरण ही है। अभियान को लेकर बच्चों एवं अभिभावकों में जागरूकता भी देखी गई।

Post a Comment

Previous Post Next Post