हमारा आंगन हमारे बच्चे कार्यशाला में शिक्षा की मजबूत नींव पर हुआ मंथन
करहां (मऊ) : राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के उद्देश्यों के अनुरुप प्राथमिक शिक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में मंगलवार को मुहम्मदाबाद गोहना कस्बा स्थित ब्लाक संसाधन केंद्र पर 'हमारा आंगन हमारे बच्चे' कार्यक्रम के अंतर्गत एक दिवसीय क्षमता संवर्धन उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्तियां एवं बाल विकास परियोजना से जुड़े कर्मी तथा बच्चे शामिल हुए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बाल विकास परियोजना अधिकारी संजीव कुमार ने कहा कि प्राथमिक शिक्षा जीवन की बुनियाद होती है। यदि यह बुनियाद मजबूत होगी, तो भविष्य की सफलता स्वतः सुदृढ़ होगी। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरुप बाल विकास परियोजना विभाग बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।
खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश तिवारी ने आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि नौनिहालों को शिक्षित करने में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। बच्चे देश की अमूल्य धरोहर हैं और आंगनबाड़ी व प्राथमिक विद्यालयों के संयुक्त प्रयास से ही उनकी बुनियादी शिक्षा को मजबूती मिल सकती है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों को विद्यालय की ओर आकर्षित करने का प्रथम सोपान हैं।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों से आए लगभग दो दर्जन बच्चों को स्कूल बैग प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। इससे पूर्व विद्यालय की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का संचालन प्रधानाध्यापक धनंजय कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर एसआरजी संजय कुमार तिवारी, एआरपी पवन गुप्ता, राजेश राम, सीमा सिंह, मंजू चौरसिया, वंशराज प्रसाद, ज्ञानदीप गौतम, रामसहाय यादव सहित आंगनबाड़ी सुपरवाइजर, कार्यकर्तियां एवं बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।



Post a Comment