नोडल अधिकारी ने विकास कार्यों की परखी हकीकत, सुतरही ग्राम व ब्लाक कार्यालय का किया निरीक्षण
करहां (मऊ) : शासन के निर्देशानुसार विकास योजनाओं की जमीनी स्थिति का आकलन करने पहुंचे आजमगढ़ मंडल के उपनिदेशक सांख्यिकी एवं नामित नोडल अधिकारी हेमंत कुमार ने गुरुवार को मुहम्मदाबाद गोहना विकासखंड का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राम पंचायत सुतरही के साथ-साथ खंड विकास अधिकारी कार्यालय पहुंचकर विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सबसे पहले उन्होंने ब्लाक मुख्यालय स्थित मनरेगा सेल, पंचायत अनुभाग, लिपिकीय कक्ष सहित अन्य शाखाओं का अवलोकन किया। कार्यालयों में अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव और कार्यों की पारदर्शिता पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने मनरेगा से संबंधित फाइलों को अद्यतन एवं व्यवस्थित रखने का निर्देश दिया। परिसर में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक न मिलने पर उन्होंने नियमित स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। खंड विकास अधिकारी आवास के आसपास भी स्वच्छता की कमी पर नाराजगी जताते हुए उसे शीघ्र दुरुस्त कराने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के क्रम में नोडल अधिकारी सुतरही ग्राम पहुंचे, जहां प्राथमिक विद्यालय परिसर में आयोजित चौपाल में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से संवाद किया। उन्होंने समूहों की गतिविधियों, आय के स्रोतों और सामने आ रही समस्याओं की जानकारी ली। ग्राम पंचायत में वर्तमान में दस स्वयं सहायता समूह सक्रिय हैं, जो बकरी पालन, पशुपालन, कपड़ा व किराना दुकान जैसे छोटे व्यवसायों के माध्यम से आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर हैं। समूह की महिलाओं ने कार्य संचालन में आ रही चुनौतियों से अवगत कराया, जिस पर हेमंत कुमार ने खंड विकास अधिकारी कलाधर पांडेय को समस्याओं के त्वरित समाधान और आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने गांव में किए गए पौधारोपण कार्यों का स्थलीय सत्यापन भी किया तथा पौधों की सुरक्षा और नियमित सिंचाई, विशेषकर आगामी गर्मी के मौसम को देखते हुए पर्याप्त देखभाल के निर्देश दिए। विद्यालय के कायाकल्प, स्मार्ट क्लास व्यवस्था और रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली का भी निरीक्षण किया गया। विद्यालय परिसर एवं शौचालयों की स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी कलाधर पांडेय, एडीओ समाज कल्याण दुर्गेश सिंह, एडीओ सांख्यिकी सुमित राय, एडीओ पंचायत आदित्य सिंह, प्रतीक राय, पवन सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान नोडल अधिकारी ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनसहभागिता को विकास की आधारशिला बताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों को सतत निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया।






Post a Comment