शिवालयों से उठेगा हर-हर महादेव का जयघोष, करहां से माहपुर तक सजेगी भव्य शिव बारात
मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ। फागुन की मादक बयार और भक्ति के स्वर जब संगम करते हैं, तो गांव-नगर की गलियां स्वयं काशी बन उठती हैं। ऐसा ही दिव्य दृश्य इस बार करहां और माहपुर में देखने को मिलेगा, जब शिव मंदिर करहां और दुर्गा-शिव मंदिर माहपुर से श्रद्धा और उल्लास से सजी भव्य शिव बारात निकलेगी।
बुधवार सायंकाल दोनों मंदिर समितियों की तैयारी बैठक संपन्न हुई। निर्णय हुआ कि हर वर्ष की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी बारात महमूदपुर-नगपुर स्थित काली व महा माई स्थान तक जाएगी। तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और भक्तों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
माहपुर स्थित दुर्गा-शिव मंदिर के पुजारी सुनील राजभर ने बताया कि वहां से एक आकर्षक रथ, तीन मनोहारी झांकियां और डीजे की गूंज के साथ बारात पहले शिव मंदिर करहां पहुंचेगी। श्रीकृष्ण-राधा की मधुर छवि, राम-दरबार की मर्यादा, नंदी परिवार की अनुपम झांकी और स्वयं भोलेनाथ का रथ, यह सब मिलकर भक्ति का अनुपम दृश्य रचेंगे। इसके बाद दोनों स्थानों की बारातें एकाकार होकर नगपुर की ओर प्रस्थान करेंगी।
शिव मंदिर व व्यापार मंडल करहां के अध्यक्ष विष्णुकांत श्रीवास्तव ने बताया कि यहां से निकलने वाली बारात में शिवजी के रथ के साथ राधा-कृष्ण, हनुमानजी की झांकी और डांडिया नृत्य की रंगत विशेष आकर्षण होगी। डीजे की धुन, घोड़ों की टाप और "हर-हर महादेव" के जयघोष से वातावरण शिवमय हो उठेगा। यात्रा मार्ग मुहम्मदाबाद गोहना और रानीपुर थाना क्षेत्रों से होकर गुजरेगा, जिसे लेकर दोनों थानों को पूर्व सूचना दे दी गई है।
दोनों समितियों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस आध्यात्मिक उत्सव को सफल बनाने की अपील की है। बैठक में जगदीश चौहान, परमहंस यादव, रुपेश पांडेय, पिंटू शर्मा, सुरेशचंद वर्मा, अनिल पटवा, अजीत चौरसिया, राहुल मौर्य, राहुल मद्धेशिया सहित दर्जनों पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।

Post a Comment