आगामी होली पर्व को लेकर थाना रानीपुर में शांति समिति की बैठक आयोजित
करहां (मऊ) : आगामी रंगों के पर्व होली को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को थाना रानीपुर परिसर में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद गोहना एसपी पांडेय द्वारा की गई, जबकि थानाध्यक्ष रानीपुर प्रमोद कुमार की अगुवाई में क्षेत्र के सम्भ्रांत व्यक्तियों एवं गणमान्य नागरिकों के साथ संवाद स्थापित किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए क्षेत्राधिकारी एसपी पांडेय ने कहा कि होली आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का पर्व है, जिसे सभी लोग पारंपरिक उल्लास के साथ शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं। उन्होंने नागरिकों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
थानाध्यक्ष रानीपुर प्रमोद कुमार ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार का हुड़दंग, अशांति या कानून-व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पुलिस द्वारा सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक खबरों एवं अफवाहों पर सतत निगरानी रखी जा रही है। नागरिकों से अनुरोध किया गया कि किसी भी संदिग्ध सूचना की तत्काल जानकारी पुलिस को दें।
बैठक में उपस्थित सम्भ्रांत व्यक्तियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए अपने-अपने सुझाव भी साझा किए। अंत में क्षेत्राधिकारी महोदय ने सभी से शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय योगदान देने की अपील की।

Post a Comment