नन्ही उड़ान ने छू लिया आसमान, शगुन ने बढ़ाया मालव विद्यालय का मान
मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ। जब मेहनत की राह पर हौसलों के दीप जलते हैं, तब सफलता खुद चलकर कदम चूमती है। कुछ ऐसा ही कर दिखाया है। प्राथमिक विद्यालय मालव की होनहार छात्रा शगुन चौबे पुत्री बृजेश चौबे ने, जिन्होंने भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में तहसील स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का मस्तक गर्व से ऊँचा कर दिया।
गायत्री परिवार द्वारा आयोजित इस परीक्षा में विद्यालय के 15 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिनमें शगुन ने विद्यालय में प्रथम तथा पूरे ब्लॉक में द्वितीय स्थान अर्जित कर अपनी प्रतिभा की उजली छाप छोड़ी। इस उपलब्धि की खुशी में विद्यालय प्रांगण सादे किंतु भावपूर्ण सम्मान समारोह का साक्षी बना, जहाँ प्रधानाध्यापक धनंजय सिंह एवं शिक्षकों ने शगुन को प्रशस्ति पत्र व पुरस्कार भेंट कर उसके स्वर्णिम भविष्य की कामना की। प्रधानाध्यापक ने कहा कि शगुन की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा की मशाल है।
विद्यालय परिवार ने छात्रा व उसके माता-पिता को बधाई दी। इसी अवसर पर कक्षा 5 की छात्रा दिव्यांशिका चौहान का जन्मदिन भी प्रार्थना सभा में सामूहिक रूप से मनाया गया, जिससे वातावरण और भी उल्लासमय हो उठा। कार्यक्रम में राम केर राम, उमेश भारती, रामकिशोर राम, स्वतंत्र सिंह, विजेंद्र प्रसाद, छठ्ठू प्रसाद गुप्ता, फहद अहमद, सुलमती चौहान व आरती सिंह सहित शिक्षकगण उपस्थित रहे।



Post a Comment