मंडलीय बाल क्रीड़ा में मुहम्मदाबाद गोहना की बेटियों का जलवा, बैडमिंटन डबल्स में बनीं चैंपियन
करहां (मऊ) : सुखदेव पहलवान क्षेत्रीय स्टेडियम आजमगढ़ में शनिवार को आयोजित मंडलीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में मुहम्मदाबाद गोहना विकासखंड की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का मान बढ़ाया। बैडमिंटन डबल्स मुकाबले में मृणाल मंजरी और मानसी की जोड़ी ने मंडल में प्रथम स्थान हासिल कर चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता में आजमगढ़, मऊ और बलिया जनपद के विजेता खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। मऊ जनपद के मुहम्मदाबाद गोहना शिक्षा क्षेत्र अंतर्गत उच्च प्राथमिक विद्यालय सुरहुरपुर की छात्रा मृणाल मंजरी तथा कंपोजिट विद्यालय देवरिया बड़ी की छात्रा मानसी ने फाइनल में आजमगढ़ की जोड़ी को 21-16 से पराजित कर जीत दर्ज की।
समापन समारोह में आजमगढ़ मंडल के डीआईजी ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इसके अतिरिक्त कंपोजिट विद्यालय वलीदपुर के छात्रों ने एकांकी प्रतियोगिता में मंडल स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त कर क्षेत्र को गौरवान्वित किया। अब यह चैंपियन जोड़ी आगामी 26 से 28 फरवरी तक डाक्टर भीमराव अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में अपने कौशल का प्रदर्शन करेगी।
खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश तिवारी ने दोनों विद्यालयों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर खिलाड़ियों, प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षकों को बधाई देते हुए उनके समर्पण और मार्गदर्शन की सराहना की। वहीं प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लाक अध्यक्ष शशि भूषण राय, स्वतंत्र श्रीवास्तव, धनंजय सिंह, मदन सिंह, राजेश राम, विजय कुमार सिंह, सीमा सिंह, आशीष कुमार सहित अन्य शिक्षकों ने भी छात्र-छात्राओं की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दीं।

Post a Comment