मऊ के अनंत सिंह शीतकालीन खेलों में रचेंगे इतिहास, स्की माउंटेनियरिंग में यूपी का करेंगे प्रतिनिधित्व
करहां (मऊ) : उत्तर प्रदेश के शीतकालीन खेलों के इतिहास में पहली बार मऊ जनपद के मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक अंतर्गत बरसवां गांव निवासी 24 वर्षीय युवा पर्वतारोही अनंत सिंह स्की माउंटेनियरिंग में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनका चयन आगामी खेलो इंडिया विंटर गेम्स के पुरुष वर्ग में हुआ है, जिससे वे उत्तर प्रदेश के पहले स्की माउंटेनियरिंग खिलाड़ी बन गए हैं।
मैदानी क्षेत्र पूर्वी उत्तर प्रदेश से निकलकर बर्फीले पर्वतों और कठिन परिस्थितियों वाले इस चुनौतीपूर्ण खेल में राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचना अनंत की दृढ़ इच्छाशक्ति और कठोर प्रशिक्षण का परिणाम है। स्की माउंटेनियरिंग में ऊंचाई, अत्यधिक ठंड और जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में स्की के साथ पर्वतारोहण करना पड़ता है, जिसके लिए विशेष तकनीकी दक्षता और मानसिक मजबूती आवश्यक होती है।
सीमित संसाधनों और प्रतिकूल हालात के बावजूद अनंत सिंह ने निरंतर अभ्यास से यह मुकाम हासिल किया। उनकी उपलब्धि न केवल व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश, विशेषकर मैदानी क्षेत्रों के युवाओं के लिए प्रेरणा है। भविष्य में उनका लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व कर प्रदेश और देश का नाम रोशन करना है।


Post a Comment