महाशिवरात्रि पर माहपुर व करहां से निकलेगी भव्य शिवबारात, कोतवाल ने लिया सुरक्षा का जायजा
करहां (मऊ) : महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर रविवार सायंकाल माहपुर स्थित दुर्गा-शिव मंदिर एवं करहां बाजार के शिव मंदिर से भव्य शिवबारात नगपुर-महमूदपुर स्थित महामाई व काली माता मंदिर तक निकाली जाएगी। आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।
पूर्व संध्या पर मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक कमलकांत वर्मा ने मयफोर्स करहां बाजार स्थित शिव मंदिर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने आयोजन समिति के अध्यक्ष विष्णुकांत श्रीवास्तव से वार्ता कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा आश्वस्त किया कि शिवबारात के दौरान चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहेगा।
कोतवाल ने समिति पदाधिकारियों को नई परंपराओं के पालन से बचने, किसी भी प्रकार की उद्दंडता से दूर रहने तथा अफवाहों पर ध्यान न देने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है, जिससे शिवबारात श्रद्धा और अनुशासन के साथ संपन्न हो सके।

Post a Comment