क्षेत्र पंचायत बैठक में विकास योजनाओं पर मंथन, अनुपस्थित विभागों पर निंदा प्रस्ताव पारित
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना विकास खंड सभागार में वृहस्पतिवार आयोजित क्षेत्र पंचायत की बैठक में ग्रामीण विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों तथा क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर व्यापक मंथन किया गया। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख रानू सिंह ने की। इसमें विधायक राजेंद्र प्रसाद, जिला पंचायत सदस्य रवि पासी समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान वृद्धावस्था पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन वितरण व्यवस्था, मनरेगा भुगतान सहित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर सदस्यों ने अपनी-अपनी बातें रखीं। ग्राम प्रधानों ने मनरेगा के तहत कराए गए कार्यों की सामग्री भुगतान पिछले दो वर्षों से लंबित रहने पर नाराजगी जताई। साथ ही जनवरी व फरवरी माह की मजदूरी का भुगतान न होने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।
विधायक राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि विकास कार्यों का भुगतान समय से न होना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला पंचायत सदस्य रवि पासी ने सप्लाई विभाग से जुड़े मामलों को उठाते हुए कहा कि पात्र गरीब श्रमिकों के राशन कार्ड से नाम काटे जाने की शिकायतें मिल रही हैं, जो किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हैं।
बैठक में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक रामबदन राजभर ने स्वास्थ्य विभाग की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। वहीं सप्लाई विभाग, मनरेगा, पंचायत विभाग एवं राष्ट्रीय आजीविका मिशन के अधिकारियों ने भी विभागीय जानकारी दी। मनरेगा के अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी सत्य प्रकाश पाण्डेय, खंड विकास अधिकारी कलाधर पाण्डेय, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) आदित्य सिंह एवं राष्ट्रीय आजीविका मिशन से राम अवध यादव बैठक में मौजूद रहे। इस दौरान बाल पुष्टाहार, राजस्व, विद्युत, समाज कल्याण, पुलिस तथा पशु चिकित्सक विभाग के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर सदस्यों ने कड़ा विरोध जताया। इस संबंध में निंदा प्रस्ताव पारित कर उच्चाधिकारियों को अवगत कराने का निर्णय लिया गया।
ब्लॉक प्रमुख रानू सिंह ने आश्वासन दिया कि जिन विभागों के विरुद्ध शिकायतें प्राप्त हुई हैं, उनसे समन्वय स्थापित कर समस्याओं का नियमानुसार समाधान कराया जाएगा। साथ ही अनुपस्थित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। बैठक में भाजपा मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, त्रिभुवन राम, कमलेश सिंह, ओमकार सिंहा, आशीष चौधरी, धर्मेंद्र सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बैठक शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।





Post a Comment