याकूबपुर में आस्था की नींव, दुर्गा मंदिर निर्माण का शुभारंभ
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के याकूबपुर गांव में आस्था और श्रद्धा ने एक नया स्वरुप लेना शुरु कर दिया है। स्वयंभू शिव मंदिर के समीप गुरुवार को दुर्गा मंदिर निर्माण की दिशा में पहला कदम बढ़ाया गया। गांववासियों की सहभागिता से विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन कर नींव की खुदाई का कार्य प्रारंभ हुआ, जिससे वातावरण भक्तिमय हो उठा।
मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष रविप्रकाश तिवारी एवं महासचिव महेश सिंह ने बताया कि प्रस्तावित दुर्गा मंदिर 24 फीट लंबा, 17 फीट चौड़ा एवं 30 फीट ऊंचा होगा। मंदिर निर्माण में लगभग 11 लाख रुपये की अनुमानित लागत आने की संभावना है। उन्होंने ग्रामवासियों से आह्वान किया कि इस पुण्य कार्य में तन, मन और धन से सहयोग कर आस्था की इस इमारत को साकार करें। समिति के सदस्यों ने बताया कि मंदिर निर्माण पूर्ण होने के बाद यहां नियमित पूजा-अर्चना के साथ दुर्गा सप्तशती पाठ, हवन, यज्ञ एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा, जिससे गांव में धार्मिक चेतना और सांस्कृतिक परंपराएं और अधिक सुदृढ़ होंगी।
भूमि पूजन का शुभ कार्य पंडित दीपनारायण तिवारी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ लखेन्द्र चौहान व धनजा देवी के हाथों संपन्न कराया। इस अवसर पर उपेंद्र सिंह, अमित सिंह पिंनकारी, रामनाथ यादव, मिथिलेश सिंह, रामचंद्र गुप्ता, प्रभुनाथ सिंह, संजय गुप्ता, सुनील चौहान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। श्रद्धा और उल्लास के बीच यह आयोजन गांव के लिए एक नए अध्याय की शुरुआत बन गया।

Post a Comment