Top News

महाशिवरात्रि की आहट संग करहां शिवालय ने ओढ़ा नववर्णी श्रृंगार

महाशिवरात्रि की आहट संग करहां शिवालय ने ओढ़ा नववर्णी श्रृंगार

मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ। महाशिवरात्रि की पावन बेला जैसे-जैसे निकट आ रही है, वैसे-वैसे स्थानीय ब्लॉक के करहां बाजार स्थित प्राचीन शिव मंदिर भी भक्ति और सौंदर्य के नए रंगों में नहाता जा रहा है। 15 फरवरी को पड़ने वाले महापर्व से पूर्व शिवालय का व्यापक स्तर पर रंग-रौगन और सुंदरीकरण कराया जा रहा है, जिससे मंदिर का हर कोना दिव्यता और आस्था की आभा बिखेर रहा है।

इस पुण्य कार्य के पीछे करहां गांव की बहू एवं वर्तमान में देहरादून में एसडीएम पद पर कार्यरत शालिनी मौर्या की श्रद्धा और संकल्प झलक रहा है। अपनी जन्मभूमि और भोलेनाथ के प्रति अगाध विश्वास के साथ उन्होंने शिव मंदिर के सौंदर्यीकरण की पहल कर एक अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया है। दीवारों पर चढ़ते रंग मानो यह कह रहे हों कि भक्ति जब कर्म बन जाए, तो पत्थर भी बोल उठते हैं।

उनके समाजसेवी पति पीयूष मौर्य का कहना है कि इस बार महाशिवरात्रि पर सुसज्जित शिव मंदिर श्रद्धालुओं के लिए केवल पूजा स्थल नहीं, बल्कि आस्था, सौंदर्य और सामूहिक श्रम की जीवंत मिसाल बनेगा। भोलेनाथ के दरबार में सजता यह श्रृंगार, भक्तों के हृदय में भक्ति की लौ और भी प्रज्वलित करेगा। तैयारियों की बागडोर उनके देवर राहुल मौर्य ने संभाल रखी है, जो स्वयं मंदिर परिसर में उपस्थित रहकर प्रत्येक कार्य की निगरानी कर रहे हैं। इस सेवा यज्ञ में व्यापार मंडल अध्यक्ष विष्णुकांत श्रीवास्तव, लक्ष्मी पूजन समिति के अध्यक्ष अजीत चौरसिया, शंकर साहनी, अरविंद वर्मा, जगधारी राम, सुरेशचंद्र वर्मा, अनिल पटवा, विक्की वर्मा, संजीव मद्धेशिया, मनीष सिंह, अभिषेक यादव, राहुल मद्धेशिया आदि भी तन-मन-धन से सहभागी बने हुए हैं।



Post a Comment

Previous Post Next Post