वार्षिक प्रदर्शनी इंटेलेक्टा-2026 में छात्रों ने किया प्रतिभा का प्रदर्शन
मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ। बीएसआरके पब्लिक स्कूल, रामनगर खालिसा में शनिवार को आयोजित वार्षिक शैक्षणिक प्रदर्शनी ‘इंटेलेक्टा-2026’ में विद्यार्थियों की रचनात्मकता, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों, अभिभावकों और आगंतुकों ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न मॉडलों और प्रोजेक्ट्स का अवलोकन कर उनकी सराहना की।
प्रदर्शनी में विज्ञान, गणित, कंप्यूटर, सामाजिक विज्ञान और विभिन्न भाषाओं से संबंधित लगभग 45 प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए गए। इनमें कक्षा नौ के विद्यार्थियों की ओर से तैयार सेंसर आधारित रोबोट कार, कक्षा तीन के छात्रों का हाइड्रोलिक मशीन मॉडल तथा कक्षा चार के बच्चों का भारत के राज्यों और उनकी राजधानियों पर आधारित प्रोजेक्ट लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। वहीं कक्षा छह के विद्यार्थियों ने चंद्रयान-3, ऑटोमेटिक वाटर डिस्पेंसर, एयर पॉल्यूशन और वेस्ट मैनेजमेंट जैसे विषयों पर प्रभावशाली मॉडल प्रस्तुत कर सभी का ध्यान खींचा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एफएसओ मऊ सुनील यादव ने छात्रों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों की रचनात्मकता को निखारने और उनकी वैज्ञानिक सोच को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर बीएसआरके ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स के प्रबंधक प्रवीण कुमार राय ने मुख्य अतिथि को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य सैयद शबीब रज़वी ने भी छात्रों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में डायरेक्टर ए.टी. महाराणा, एडमिन हेड आर.बी. यादव तथा यूपी बोर्ड के प्रधानाचार्य रजनीश राय का विशेष योगदान रहा। इस दौरान अनिल सिंह, हरप्रीत चौहान, अनिल पांडेय, दीपक साहनी, राहुल सिंह, राहत बानो, आर.डी. गौतम, फिजा खातून, ज्योति विश्वकर्मा, उमेश चंद, अनीता यादव सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


Post a Comment